फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 18 अक्टूबर 26। बिजली का फर्जी बिल बनाने के आरोप में अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है। अदालत के आदेश पर थाना मऊदरवाजा पुलिस ने ग्राम जनैया सिठैया निवासी पंकज कुमार पुत्र श्री राजेश कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. व अवर अभियंता कैलाश चंद्र पाठक व अन्य दोषी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया।
पंकज कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि प्रार्थी द्वारा 10-7-24 को गांव के श्रीकृष्ण वर्मा पुत्र श्री पंचमलाल से उनकी दूकान किराये पर ली थी, तथा इस दूकान में अपनी आजीविका चलाता आया। इस दूकान में बिजली के उपयोग हेतु प्रार्थी ने स्वयं का छोटा सोलर सिस्टम लगाया है, बिजली विभाग की बिजली का उपयोग नहीं किया जाता। उपरोक्त श्रीकृष्ण का अपना बिजली कनेक्शन अलग है, जिसके उत्तरदायी वही हैं प्रार्थी का उनके बिजली कनेक्शन से कोई संबंध नहीं है।
कुछ माह पूर्व स्थानीय बिजली की चेकिंग की गयी, जिसमें अवर अभियंता कैलाश चंद्र पाठक थे, उनके साथ बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा प्रार्थी की दूकान का भी निरीक्षण किया। प्रार्थी का स्वयं का सोलर सिस्टम है, उसके बाबजूद भी उक्त लोगों द्वारा प्रार्थी को अकारण धमकाया गया। प्रार्थी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का भय दिखा कर प्रार्थी से अवैध वसूली में 20 हजार रुपयों की मांग की गयी।
प्रार्थी द्वारा अवैध वसूली के 20,000/- रुपये उक्त लोगों को देने से साफ मना कर दिया गया। उससे रंजिश मान कर उक्त लोगों द्वारा प्रार्थी के नाम का एक फर्जी वसूली नोटिस जारी करवा दिया गया, जिसमें 27-02-25 तिथि में अधिशाषी अभियंता के हस्ताक्षर हैं। इस पर वसूली की धनराशि 173984.00/-अंकित है। इस मुकदमे की जांच उप निरीक्षक विनीत कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई।

