फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 अक्टूबर 26। कुल्हाड़ी से हमला कर बाप की हत्या करने वाले सनकी बेटे अली उल्ला खां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला गढी़ मजीद खां निवासी 55 वर्षीय मोहम्मद अहमद ने दोपहर के समय करीब 30 वर्षीय बेटे अली उल्ला खां से खाना खाने को कहा। इसी बात से गुस्साए सनकी अली उर्फ अल्लाह रख्खा ने पिता अहमद के ऊपर कुल्हाड़ी के कई प्रहार किया। सिर में दो जगह एवं हाथ में गंभीर घाव होने पर अहमद की हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें डॉक्टर हरिदत्त द्विवेदी के अस्पताल ले गए।
डाक्टर द्विवेदी ने टांके लगाकर अहमद का उपचार किया इसके बावजूद अहमद ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉ हरिदत्त द्विवेदी ने इलाज के रुपए दिए बिना अहमद का शव ले जाने से मना कर दिया। डाक्टर ने 20 हजार रुपए लेने के बाद ही अहमद के शव को ले जाने दिया। नखास चौकी इंचार्ज राजेश कुमार यादव ने अहमद के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम करवाया। अहमद की हत्या के मामले में उनके बेटे शहनवाज ने भाई अली के विरुद्ध पिता की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
नखास चौकी इंचार्ज राजेश कुमार यादव ने एफबीडी न्यूज को बताया की हत्या आरोपी अली को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पूंछताछ किए जाने पर अभियुक्त अली ने बताया कि मेरे पिता मुझे बार-बार खाना खाने के लिए कह रहे थे तभी मुझे गुस्सा आ गया और मैंने अपनी बहन के हाथ से कुल्हाड़ी छीनकर पिता के ऊपर हमला कर दिया।























