लुटेरों ने बाइक सवार को गोली मारकर महिलाओं के जेवरात लूटेः होमगार्ड जवान देखते रहे वारदात

 

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) लुटेरों ने बाइक सवार युवक विनोद राजपूत को गोली मारकर महिलाओं के जेवरात लूट लिए। मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने लूट का विरोध नहीं किया। थाना शमशाबाद के ग्राम हंसापुर गौराई निवासी रघुवीर राजपूत का युवा पुत्र विनोद अपनी पत्नी मीरा देवी एवं ढाई वर्षीय पुत्री आरुषी एवं मामा की बेटी श्रीमती उषा देवी देवी को बाइक पर बिठाकर जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के ग्राम उस्मानपुर शादी समारोह में जा रहा था।

विनोद दोपहर 1:38 बजे काली नदी पुल से पहले ग्राम स्योगनपुर के मोड़ से गुजर रहा था। उसी समय पीछे बाइक से आने वाले लुटेरे ने विनोद की बाइक में जोरदार कट मार दिया। जिससे विनोद सहित सभी सवार नीचे जा गिरे दोनों युवकों ने तमंचे निकाल लिए और विनोद को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उसके बाद लुटेरों ने विनोद की पत्नी मीरा देवी एवं उषा देवी के जेवरात लूटने लगे। तभी साहस कर विनोद ने एक लुटेरे को कस कर पकड़ लिया तभी दूसरे लुटेरे ने मारने के लिए विनोद के ऊपर तमंचे से फायर किया।

315 बोर की गोली विनोद के सिर से रगडती हुई निकल गई लुटेरे ने मीरा देवी की कोख में लात मारी। लुटेरों ने मीरा देवी एवं उषा देवी के सोने के झाले पेंडल सहित सोने की जंजीरें लूट ली। लुटेरे बाइक से भोगांव की ओर भाग गए मनोज ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने संख्या रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले एक कैमरे में विनोद व लुटेरों की बाइक दिखी। महिला ने फोटो देखकर बदमाशों को पहचान लिया एक बदमाश हेलमेट पहने था तथा दूसरे चेहरे को ढके था एक बदमाश धारीदार शर्ट पहने था।

थाना पुलिस करीब 4 बजे विनोद व उसके साथ महिलाओं को पुलिस वाहन से जांच पड़ताल करने के लिए मौके पर ले गयी। पुलिस को घटनास्थल पर 315 बोर का खोखा मिला। विनोद ने आरोप लगाया कि दोनों बदमाश करीब 15 मिनट तक मारपीट कर लूटपाट करते रहे। घटनास्थल के नजदीक मौजूद दोनों होमगार्ड घटना को देखते रहे जिन्होंने लूट का विरोध नहीं किया यदि होमगार्ड चाहते तो लूट की घटना टल सकती थी अथवा लुटेरे पकड़े भी जा सकते थे।

जाते समय विनोद ने संकिसा तिराहे पर जूस पिया था समझा जाता है वही से लुटेरे विनोद के पीछे लग गए थे। उषा देवी कोतवाली कायमगंज के ग्राम अताईपुर निवासी मनोज कुमार की पत्नी है। विनोद अपने साले रामवीर के साडू ग्राम उस्मानपुर निवासी आसाराम के पुत्र सुधीर के आज होने वाले विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था।

जांच के लिए पुलिस की चार टीमें लगी

रात 10 बजे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा मीडिया को अवगत कराया गया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर घायल का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है शीघ्र ही लूट का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!