फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 10 मार्च। भाजपा के सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी के द्वारा बरसों से किये जा रहे अथक प्रयासों से दोनों ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 97 करोड़ रूपयों की मंजरी हो गई है। फर्रुखाबाद में पूर्वोत्तर रेलवे के कानपुर-कासगंज रेल सेक्शन (किमी० 134/15-17) के अन्तर्गत फतेहगढ़ फर्रुखाबाद मार्ग पर रेल सम्पार संख्या 154 स्पेशल एवं नीम करोरी रेल सेक्शन के रेल सम्पार संख्या 9 स्पेशल पर 2 लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण होना है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी सभापति सावर्जनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति विधान सभा, के अथक प्रयासों के फलस्वरूप आज 10 मार्च को फर्रुखाबाद में शहर के अन्दर फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर स्थित क्रासिंग संख्या 154 स्पेशल एवं क्रासिंग संख्या 09 स्पेशल पर रेल उपरिगामी सेतु बनाये जाने हेतु व्यय वित्त समिति द्वारा धनराशि 97.07 करोड़ का अनुमोदन हुआ है।
उपरोक्त रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण के लिए सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सभापति सावर्जनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति विधान सभा के द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग से कई बार व्यक्तिगत मुलाकत की गई। प्रबन्ध निदेशक, उ0प्र0 राज्य सेतु निगम लि0 को भी कई बार तलब किया। उपरोक्त रेल उपरिगामी सेतु की कुल लम्बाई 1013.71 मीटर है जो कि संयुक्त रूप से दोनो क्रासिंगों के ऊपर निर्माण किया जायेगा। दोनों क्रासिंगों के बीच की जनता के आवागमन के लिए सेतु निगम द्वारा सेतु के दोनो तरफ क्रासिंगों के बीच रैम्प भी दिया जायेगा। रेलवे द्वारा दोनो क्रासिंगों पर अण्डरपास भी बनाया जाना प्रस्तावित है।
उक्त दोनों क्रासिंगों के अधिकतर बन्द रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने यह जानकारी देते हुए एफबीडी न्यूज़ को बताया कि दोनों सेतु के बन जाने से शहर के अन्दर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। श्री द्विवेदी ने बताया गया कि उपरोक्त रेल उपरिगामी सेतु की व्यय वित्त समिति द्वारा आज अनुमोदन करा लिया गया है। शीघ्र ही शासनादेश निर्गत कराते हुए निर्माण कार्य प्रारम्भ करा दिया जायेगा।



