सांसद संघमित्रा के रोने से स्वामी प्रसाद मौर्य नाराज

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के संस्थापक स्वामी प्रसाद मौर्य को अपनी पुत्री संघमित्रा का सार्वजनिक मंच रोना धोना रास नहीं आया है। श्री मौर्य ने नाराजगी जाहिर करते हुए बेटी को डांट लगाते हुए कहा है कि संघमित्रा को ऐसी शर्मनाक हरकत नहीं करनी चाहिए। राजनीति में ऐसे उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।
स्‍वामी प्रसाद ने मीडिया से वार्ता के दौरान यहां तक कहा कि रोना-धोना बेहद ही ओछी बात है। श्री मौर्य ने कहा कि पार्टी टिकट काटती है तो भी इस पर किसी को रोने का अधिकार नहीं है। मैं इस तरह की राजनीति व आचरण को पसंद नहीं करता।

मंच पर फूट-फूटकर रोयी

मालूम हो संघमित्रा मौर्य बदायूं से भाजपा सांसद हैं। लेकिन इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट कर दुर्विजय सिंह शाक्य को प्रत्याशी बनाया है। बदायूं में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में संघमित्रा मौर्य मंच पर फूट-फूटकर रो पड़ी थीं जिससे असहज स्थिति हो गई थी। समाजवादी पार्टी छोड़ने के बाद जनपद फर्रुखाबाद में स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक जनाधार खत्म हो रहा है। उनके समर्थक अब सपा प्रत्याशी डॉ नवल किशोर शाक्य का चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सपा छोड़ने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक भविष्य चौपट माना जा रहा है।

बीते विधानसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य का चुनाव प्रचार करने के कारण कारण ही संघमित्रा मौर्य का भाजपा से पत्ता साफ हो गया है। उनकी राजनीति पर भी सवालिया निशान लग गया है।