चर्चित लेखपाल ने विरासत के नाम पर लाखों रुपए मांगे: डीएम ने गठित कर दी जांच कमेटी

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) विरासत के नाम पर लेखपाल द्वारा लाखों रुपए मांगे जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित कर दी है। थाना मऊदरवाजा के ग्राम गढ़िया दिलावल निवासी स्वर्गीय राम लाल की पुत्री शांति देवी ने आज जिलाधिकारी से लेखपाल की रिश्वतखोरी की शिकायत की। महिला ने डीएम को अवगत कराया रामलाल के 2 पुत्रियां कांति देवी व शांति देवी है।

त्रुटिवश ग्राम के अभिलेखों में केवल कांति देवी दर्ज हो गया। लेखपाल वारिसान दर्ज कराने के लिए 5 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। महिला ने डीएम से जांच कराकर न्याय दिलाए जाने की फरियाद की है। फिलहाल शांति देवी तहसील कायमगंज के ग्राम सादिकपुर निवासी नत्थूलाल पति के साथ रहती हैं। बताया गया कि जिलाधिकारी ने एसडीएम तहसीलदार व क्षेत्रीय कानूनगो की जांच कमेटी बना दी है।

यह लोग गांव में चौपाल लगाकर मामले की जांच पड़ताल करेंगे। महिला की पैरवी करने वाले ग्राम प्रधान मोनू कठेरिया ने बताया कि मैंने लेखपाल प्रवीन दुबे को लिखकर दिया शांति देवी स्वर्गीय रामलाल की दूसरी पुत्री है। अधिवक्ता सुग्रीव सिंह कटियार ने लेखपाल से गरीब महिला की विरासत दर्ज करने को दो बार कहा तो लेखपाल ने विरासत दर्ज करने से साफ मना कर दिया।

बताया गया कि मसेनी क्षेत्र में तैनाती के दौरान लेखपाल प्रवीन दुबे ने वर्ष 2019 में ग्राम मसेनी निवासी महिला की विरासत दर्ज करने के लिए 10 हजार रुपए मांगे थे। महिला ने 5 हजार दे दिए थे। जिसका वीडियो वायरल हो जाने पर लेखपाल को सस्पेंड किया गया था। लेखपाल प्रवीन दुबे ने बताया कि आज तक शांति देवी ने मुझसे संपर्क नहीं किया और न ही ऐसा साक्ष्य दिया कि वह स्वर्गीय रामलाल की दूसरी पुत्री है।

श्री दुबे ने बताया की रिश्वत मांगने का निराधार आरोप लगाया गया है। महिला को अदालत से न्याय लेना चाहिए। उन्होंने बताया कांती देवी अपनी जमीन का बैनामा ग्राम ढिलावल निवासी अमर सिंह को कर चुकी है। अमर सिंह की मौत हो चुकी है। बताया गया कि रामलाल के नाम 2 एकड़ 3 डिसमिल करोड़ों रुपए कीमती भूमि थी।