साइकिल की हवा निकालने वालों पर चलेगी तलवार: वफ़ादारों को मिलेगा इनाम

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) लोकसभा का चुनाव दमदारी से लड़ाने की तैयारी करने वाली समाजवादी पार्टी ने गद्दारों खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। फर्रुखाबाद नगर पालिका से सपा प्रत्याशी के चुनाव में गद्दारी करने वाले पूर्व सभासद आदि के नाम चर्चा में आ गए हैं।

बताया जाता है कि वार्ड नंबर 7 के सभासद मोबीन अंसारी, वार्ड 23 के सभासद शाहयार खां, वार्ड नंबर 24 के सभासद निसार अंसारी महानगर अल्पसंख्यक सभा के नगर अध्यक्ष समीर मिर्जा आदि ने खुलेआम पार्टी के साथ गद्दारी की। इन लोगों ने खुले आम बसपा प्रत्याशी की मदद की है। पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष से गद्दार लोगों को पार्टी से निकाले जाने की जोरदार मांग की है।

सपा नेतृत्व ने निकाय चुनाव के सभी प्रत्याशियों से गद्दारों के नाम की सूची मांगी है। नगर पंचायत मोहम्मदाबाद के सपा प्रत्याशी ने जिलाध्यक्ष को गद्दारों की सूची सौंप दी है। कायमगंज नगर पालिका एवं अन्य नगर पंचायतों के प्रत्याशी गद्दारों की सूची तैयार कर रहे हैं। सपा ने पार्टी के वफादार नेताओं को ऊंचे पद देकर सम्मानित करने का फैसला किया है।

बीते दिन जिला कार्यकारिणी की बैठक में चंद्रगुप्त नगर के सभासद रफी अंसारी एवं आकिल खान को पार्टी का जिला सचिव एवं वार्ड 41 के सभासद गुलाम रसूल को जिला कार्यकारिणी में शामिल किए जाने का फैसला किया गया है। जिले के अन्य नेताओं को भी ऊंचे पद देकर खुश किया जाएगा। इन लोगों के नामो पर मोहर लगवाने के लिए सूची प्रदेश मुख्यालय भेजी गई है।

मालूम हो कि कई बार सभासद का चुनाव जीतने वाले रफी अंसारी ने इस बार सर्वाधिक 844 वोटों से चुनाव जीतने का रिकॉर्ड कायम किया है उन्हें 1381 वोट मिले थे। नगर पालिका में सपा के सभासदों की संख्या 7 है।
जबकि भाजपा के सभासदों की संख्या 11 है। पूर्व में सपा के 7 और भाजपा के 5 सभासद थे। इस चुनाव में बसपा का खाता नहीं खुला है जबकि बसपा प्रत्याशी श्रीमती वत्सला अग्रवाल चेयरमैनी का चुनाव जीती है।
सपा के जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया की पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण पद दिए जाएंगे। निकाय चुनाव में पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।