फर्रुखाबाद।(एफबीडी न्यूज़) आवारा पशुओं से पीड़ित किसानों में भाजपा का सदस्य बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। आवारा पशुओं से किसान काफी पीड़ित है। 24 घंटे आवारा पशुओं से फसलों की रखवाली करनी पड़ती है। पशुओं की रोकथाम के लिए तार व खंबे लगाने के लिए लाखों रुपए मुफ्त में खर्च करने पड़ते हैं। 7 वर्ष बीत जाने के बावजूद भाजपा सरकार आवारा पशुओं के विचरण पर रोकथाम नहीं लगा पाई है। किसानों की सबसे बड़ी समस्या की ओर भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी आंख बंद किए हैं और जनप्रतिनिधि भी कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
आज भाजपा जिला मुख्यालय पर संगठन पर्व सदस्यता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग मोर्चा अनुसूचित मोर्चा महिला मोर्चा युवा मोर्चा एवं किसान मोर्चा की संयुक्त जिला कार्यशाला आयोजित हुई। जिसमें किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आवाहन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने की। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाजपा की सदस्यता लेने के उपरांत 2 सितंबर से पूरे देश के साथ-साथ प्रदेश में भी सदस्यता अभियान संगठन पर्व आरंभ हुआ है।
2019 संगठन पर्व के बाद इस 2024 के संगठन पर्व में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को खुद सदस्य बनकर अपने साथ- साथ अन्य लोगों को भी भाजपा से जोड़कर सदस्य बनना है। भाजपा को फिर एक बार विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में बीजेपी की सरकार बनी। अन्य विपक्षी राजनीतिक दलों के तमाम षडयंत्रों के बाद भी देश की जनता ने फिर एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा पर विश्वास जताया है। भाजपा का संगठन मूल्यो और आदर्शों पर आधारित है।
राष्ट्रवादी संगठन होने के साथ-साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश हित में अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहा है इस संगठन पर्व में सदस्यता अभियान बहुत महत्वपूर्ण है हर वर्ग को भाजपा से जोड़ने के लिए संगठन के द्वारा एक मिस कॉल नंबर(8800002024) दिया गया है इस नंबर के माध्यम से सदस्य बनाने का कार्य करना है प्रत्येक मंडल में 1000 सदस्यता का लक्ष्य एवं प्रत्येक मोर्चे को 20000 सदस्य बनाकर पूरे जनपद में 5 लाख सदस्यों के साथ लक्ष्य को हासिल करना है।
इस संगठन पर्व के माध्यम से पार्टी संगठन अपने परिवार का विस्तार करती है। भाजपा इस राष्ट्र के लिए जरूरी है क्योंकि अन्य राजनीतिक दल तुष्टिकरण एवं परिवारवाद की नीति पर आधारित है। कांग्रेस सपा और इंडिया गठबंधन के लोग सत्ता में आने के लिए पूरे हिंदू समाज को जाति के नाम पर विघटित करने का कार्य कर रहे हैं आरक्षण और संविधान के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे राजनीतिक दलों के साथ देश विरोधी ताकते भी मिली हुई है यह लोग हैं जिन्होंने आजादी के बाद किस देश का बंटवारा किया और इस देश पर इमरजेंसी लगाई सत्ता में आने के लिए यह किसी भी हद तक जाने को तैयार है कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए हमेशा इतिहास के साथ छेड़छाड़ की।
ऐसी देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता है तभी इनका मुकाबला संभव है। भाजपा ने किसानों के हित के लिए फैसले लिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा भाजपा एक राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक विचारधारा है इस संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा से नए-नए युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने का कार्य किया जाएगा आगामी की युवा पीढ़ी संगठन के माध्यम से कार्य करेगी सभी मोर्चे के कार्यकर्ता इस सदस्यता अभियान में अपनी रुचि दिखाकर संगठन को मजबूत करने का कार्यक्रम प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 नए सदस्य बनाने होंगे।
प्रथम चरण का सदस्यता अभियान 2 सितंबर से आरंभ होकर 25 सितंबर तक चलेगा एवं दूसरे चरण का सदस्य अभियान 1 अक्टूबर से आरंभ होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यालय मंत्री रामानंद कटियार ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार ने भय मुक्त शासन दिया डबल इंजन की सरकार प्रत्येक वर्ग के हित के लिए कार्य कर रही है लेकिन विपक्ष के राजनीतिक दल समाज को विघटित करके राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। ऐसे दलों से सावधान रहने की आवश्यकता है इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए सदस्य बनाकर भाजपा से जोड़ने का कार्य करें।
कार्यशाला का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री अजीत पांडे ने किया। इस अवसर पर सदस्यता अभियान प्रवासी व क्षेत्रीय मंत्री अवधेश शुक्ला किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहिताश वर्मा पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप कुशवाहा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ बी के गंगवार हेमचंद्र राजपूत अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रिषीपाल सिसोदिया जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत जिला महामंत्री सुनील रावत आदि लोग मौजूद रहे।