मौसम विभाग का भारी वर्षा एवं बृजपात की संभावना का अलर्ट

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 26 सितंबर 26। मौसम विभाग ने
जनपद फर्रुखाबाद में भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना का अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में आगामी दिनों के दौरान मौसम का स्वरूप अत्यंत सक्रिय रहने की संभावना है।

विशेष रूप से 26-9-2026 मध्य जनपद में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक तथा आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार 26-09- 2026 के दौरान कई स्थानों पर तेज वर्षा, गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा जलभराव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इस दौरान निचले क्षेत्रों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने तथा जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला प्रशासन ने आमजन, किसानों तथा सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी एवं नालों के समीप रहने वाले नागरिकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। किसानों से खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मौसम अनुकूल होने तक कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

भारी वर्षा एवं वज्रपात के दौरान क्या करें-

पक्के एवं सुरक्षित भवन के भीतर रहें तथा खिड़की-दरवाजे बंद रखें।

बिजली चमकने के दौरान विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें तथा आवश्यक होने पर उनके प्लग निकाल दें।

यदि वाहन चला रहे हों तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।

मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम सूचनाओं और चेतावनियों का नियमित रूप से पालन करें।

किसानों से अनुरोध है कि खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें।
आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क करें।

क्या न करें–

गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे अथवा ऊंचे स्थानों के नीचे खड़े न हों।

नदी, तालाब, नाले तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें।
खुले स्थान पर छाता, लोहे की वस्तुएं अथवा अन्य धातु सामग्री लेकर न चलें।

बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों में खेलने न दें।

किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।

किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें:
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ
फोन: 0522-2436283
ई-मेल: rmclucknow@gmail.com

error: Content is protected !!