फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 26 सितंबर 26। बीते दिन से लगातार झमाझम बरसात होने के कारण मकान गिरने लगे हैं फसलें चौपट हो गई है विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बरसात का पानी न निकल पाने के कारण नगर फर्रुखाबाद फतेहगढ़ की अधिकांश गालियों एवं सड़कों पर पानी भर गया है लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। वाहनों साइलेंसर में पानी चले जाने के कारण बंद हो रहे हैं। वर्षा के कारण थाना कमालगंज के ग्राम बीबीपुर में हरिनंदन कटियार एवं शैलेंद्र कटियार के मकान ध्वस्त हो गए। बरसात से सबसे ज्यादा नुकसान धान, बाजरा, मूंगफली, मक्का एवं उड़द की फसलों को हुआ है।
जबकि सब्जी की फैसले चौपट हो गई है। चारों ओर खेतों में पानी भर जाने के कारण तालाब जैसा नजारा देखा जा रहा है। तैयार धान की फैसलों में पटेला लग जाने के कारण करीब 50% एवं फूल वाली धान की फसल में करीब 80 प्रतिशत नुकसान होने का अनुमान लगाया गया। मक्का की तैयार फसल गिर जाने से करीब 50 फ़ीसदी नुकसान हो जाएगा। तैयार मूंगफली से किल्ले निकलने की उम्मीद जाहिर की गई। निरंतर बरसात से फूल झड़ जाने के कारण उर्द की फसल चौपट हो गई। मालूम हो कि गंगा पार के अलावा थाना जहानगंज कोतवाली मोहम्मदाबाद नवाबगंज एवं मेरापुर थाना क्षेत्र में धान प्रमुख फसल है।

किसान नेता अरविंद राजपूत ने बताया की ग्राम चुरसाई के वीरभान राजपूत, रामनरेश राजपूत, मदन लाल राजपूत, ग्राम चौकी महमदपुर के आलोक राजपूत, शिवम राठौर आदि किसानों की धान की तैयार फसलें चौपट हो गई है। आलू की फसल से बर्बाद किसानों को अब धान मक्का बाजार मूंगफली उर्द की फैसलों के खराब होने से तबाही का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बारिश से पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
कार्यक्रम निरस्त
बरसात के कारण तहसील सदर में आज तहसील सदर बार एसोसिएशन का होने वाला शपथ ग्रहण समारोह स्थित कर दिया गया।
वर्षा के आंकड़े
आज तहसील कायमगंज क्षेत्र में सर्वाधिक 210 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। जबकि अमृतपुर क्षेत्र में 180.50 मिमी, सदर विधानसभा क्षेत्र में 197.70 मिमी मीटर वर्षा हुई है। 15 जून 2026 से अभी तक फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में 625 मिमी कायमगंज क्षेत्र में 1180 मिमी एवं अमृतपुर क्षेत्र में 49 3.05 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। जिले में आज औसत 196.06 मिमी तथा 15 जून से अब तक 766.01 मिली मीटर औसत वर्षा हुई है। यह जानकारी जिलाधिकारी की ओर से दी गई है।
नगर पालिका सभी नाले साफ होने का दावा
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया है कि नगर के सभी नालों से बरसात के पानी की निरंतर निकासी हो रही है। ईओ ने बताया कि आज पक्का पुल से गुदड़ी की ओर, तलैया फजल इमाम से लाल दरबाजा- गंगानगर होते हुये टोका घाट आई०एण्ड०डी० की ओर जाने वाला नाला, पी०डी० महिला डिग्री कालेज के पास निर्मित नाले मे पानी सुचारु रुप से बहता पाया गया। रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद से ग्राम रमपुरा की ओर।
मुख्य मार्ग बीबीगंज से करबला की ओर व पल्ला गल्ला मण्डी से पक्कापुल, आई०टी०आई० से लालगेट पूर्व नवाबगंज बस स्टेण्ड, घेरशामू खां से देवरामपुर गुमटी रेलवे की ओर जाने वाले नालें का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपरोक्त सभी नालों में पानी सुचारु रुप से बहता पाया गया, किसी प्रकार की कोई रुकावट नही पायी गयी। कुछ जगहों पर पलोटिंग मैटेरियल एकत्र पाया गया जिसको तत्काल जे०सी०बी० के माध्यम से निकलवा दिया गया है।
मालूम हो कि बीते दिन दोपहर से निरंतर झमाझम बारिश के साथ ही तेज हवाएं चल रही है। सड़कों के धंस जाने व पेड़ टूट जाने की घटनाओं के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बीते दिन दोपहर से विद्युत आपूर्ति तथा जिले के अधिकांश फीडर ब्रेकडाउन में है, तेज हवाओं के कारण विद्युत की आपूर्ति नहीं की जा रही है। बुजुर्गों ने बताया कि उन्होंने आज तक ऐसी झमाझम निरंतर बरसात नहीं देखी है।

