फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) कमालगंज थाना क्षेत्र में गंगा में डूब जाने से युवक अरुन कुमार जाटव उसके रिश्तेदार सागर की मौत हो जाने से परिवार में हाहाकार मच गया। अरुन ग्राम शेरपुर सराय निवासी संतराम जाटव का 17 वर्षीय पुत्र था। उसके घर जनपद कन्नौज गंगा गली गुरौली निवासी सूरज जाटव का 12 वर्षीय पुत्र सागर रिश्तेदारी में आया था जो अरुन की बुआ का बेटा था। अरुन रिश्तेदार सागर के साथ सुबह 9 बजे गांव के पीछे गंगा नदी में नहाने गया था।
नहाते समय गहराई में चले जाने से सागर डूबने लगा। पानी में तैरने वाला अरुन सागर को बचाने के लिए गहराई की ओर गया तो वह भी गंगा में डूब गया। इस घटना को देखने वाले ग्रामीणों ने शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया। सूचना मिलने पर कमालगंज थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने प्रयास कर अरुन व सागर को गंगा नदी से बाहर निकाला। दोनों को कमालगंज सीएचसी ले जाया गया डॉक्टर अजय यादव ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हर्षित सिंह मौके पर जाकर मामले की जांच पड़ताल की। अरुन व सागर के मर जाने की जानकारी मिलते ही उनके परिवार में हाहाकार मच गया।












