फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव के तेरहवीं कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के निवास पर पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल ही में परिणय सूत्र में बंधे डॉ. आकाश एवं डॉ. खुशबू को आशीर्वाद देकर गिफ्ट भेंट की। श्री यादव ने इस अवसर पर पारिवारिक सौहार्द एवं आत्मीयता के वातावरण में डॉ खुशबू के द्वारा बनाया गया भोजन भी ग्रहण किया। उन्होंने चंद्रपाल सिंह यादव की बहू के द्वारा परोसे गए भोजन की प्रशंसा करते हुए इसे सादगी और स्वाद का उत्तम मेल बताया।
कार्यक्रम के दौरान श्री अखिलेश यादव ने जिला अध्यक्ष श्री चंद्रपाल सिंह यादव के साथ संगठनात्मक स्थित तथा जिले की वर्तमान राजनीतिक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की। पूरे वातावरण में आत्मीयता एवं संगठनात्मक एकजुटता की झलक देखने को मिली। इस मुलाक़ात ने न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा बल्कि संगठन को मज़बूती की दिशा में और भी सशक्त किया। इसी दौरान जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने पार्टी मुखिया को संगठन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट सौंपी। श्री यादव ने जिला महासचिव को पीडीए कार्यक्रम को और तेजी से चलाने एवं पार्टी को मजबूत करने की हिदायत दी।
इससे पूर्व पार्टी की मुखिया अखिलेश यादव तिकोना सब्जी मंडी स्थित पार्टी के वरिष्ठ नेता सरल दिवस के आवास पहुंचे। श्री यादव ने सरल दुबे के परिजनों के हाल-चाल पूछ कर उनके साथ जलपान ग्रहण किया। इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव डॉक्टर जितेंद्र सिंह यादव रहे। छिबरामऊ से सपा मुखिया अखिलेश यादव को रिसीव करने के उपरांत आज पूरे दिन जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव उनके साथ रहे।