फर्रूखाबाद। (एफबीडी न्यूज) पूरे जिले में हर घर दुकानों व कार्यालयों में तिरंगा झंडा लगाए जाने के प्रचार की धूम मच गई है। विधायक सुशील शाक्य,भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता एवं जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने डीएन डिग्री कॉलेज फतेहगढ़ के शारदा सभागार में दीप प्रज्वलित कर एवं मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में हर घर तिरंगा एवं स्वतंत्रता सप्ताह कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे लिये बड़े गर्व एवं हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्ग दर्शन में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगाठं के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम पूरे देश में गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। आज आयोजित स्वतंत्रता सप्ताह एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्रा एवं मीडिया बंधुओं को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने एवं हमारे देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने व उनके प्रति सम्मान का भाव जगाने के उद्देश्य से पूरे देश में स्वतंत्रता सप्ताह एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है।
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ प्रगतिशील भारत की आजादी के 75 साल और इसके लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। यह महोत्सव भारत के लोगों को समर्पित है, जिन्होंने न केवल भारत को अपनी विकासवादी यात्रा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आजादी का अमृत महोत्सव भारत की सामाजिक-सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक पहचान के बारे में प्रगतिशील है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। यह समारोह स्वतंत्रता की हमारी 75वीं वर्षगांठ से 75 सप्ताह पहले शुरू हुआ और 15 अगस्त, 2023 को समाप्त होगा।
आजादी के अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक सभी अपने ऑफिस और घरों पर तिरंगा लगाएं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी, जनसामान्य, छात्र-छात्रा से जिलाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में सभी अपने कार्यालयों एवं घरों पर 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक तिरंगा झण्डा अवश्य फैराये।
डीएम ने स्वतत्रंता सप्ताह कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित कराने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा से भी अवगत कराया। सांस्कृति विभाग के माध्यम से कार्यक्रम भी कराए गए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, अधिशाषी अधिकारी छात्र-छात्राए, संभ्रान्त नागरिक आदि उपस्थित रहे।
भाजपा ने तिरंगा लगाया
आज बृहस्पतिवार को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी नगर पश्चिम मंडल के कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष विकास पांडे,जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता व जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी के नेतृत्व में टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंचे। प्रतिमा के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया इसके उपरांत भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए व प्रतिमा स्थल पर तिरंगा लगाया।
भाजपा नगर पश्चिम मंडल अध्यक्ष विकास पांडे ने बताया पार्टी के निर्देशानुसार अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत महापुरुषों की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया गया है। प्रतिमा स्थल के आसपास तिरंगा लगाया गया और सभी को अपने अपने घरों में घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आवाहन किया गया है। जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता ने कहा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर घर-घर तिरंगा अभियान का आवाहन किया है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर तिरंगा वितरण अभियान में जुटा हुआ है। प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाया जा रहा है ताकि इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाया जा सके। जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने कहा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश के विभिन्न महापुरुषों ने देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इन महापुरुषों की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर आजादी के अमृत महोत्सव को पूरे हर्षोल्लास से मनाने का आवाहन किया जा रहा है। भाजपा ने दल से बड़े देश को ही महत्व दिया है। इस अवसर पर रामकिशोर सैनी, शिवम शर्मा, आदर्श मिश्रा, रामकिशन दीक्षित, गौरव शर्मा, रोहित शर्मा, वीर बहादुर पाल, मनोज दीक्षित आदि लोग मौजूद रहे।
आर्य समाज ने झंडे बांटे
आज आर्य समाज मन्दिर कमालगंज में श्रावणी उपाकर्म व आज़ादी के अमृत महोत्सव पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें आर्य समाज के पदाधिकारियों ने लोगों से अपने अपने घरों में तिरंगा लगाने का अनुरोध किया झण्डों का वितरण भी किया गया। सर्व प्रथम श्रावणी के अवसर पर वृहद यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने आहुतियां प्रदान कर परमात्मा से अपने प्रियजनों के लिए मंगल कामना की।
आर्य समाज के पुरोहित आचार्य संदीप आर्य ने यज्ञ को संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि आज जिस पर्व को हम रक्षा बंधन के नाम से मना रहे हैं इसका वास्तविक नाम श्रावणी उपाकर्म है। इस दिन यज्ञोपवीत धारण करने व बदलने की परंपरा वैदिक काल से चली आ रही है। सावन मास की पूर्णिमा को श्रवण नक्षत्र में इस पर्व को मनाया जाता है क्योंकि श्रवण का अर्थ है सुनना।
चातुर्मास में ऋषि मुनि जन वर्षा काल के कारण नगरों में प्रवास किया करते थे और नगर वासियों को वेद तथा अन्य धर्म ग्रंथो का उपदेश किया करते थे। सभी नगर वासी श्रद्धापूर्वक अपने गुरुजनों का आदर सत्कार कर उनको आदर सहित विदा करते थे। यह मुख्यता ज्ञान कर्म उपासना का पर्व है इस बार का पर्व विशेष है क्योंकि इसके साथ ही हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी में आर्य समाज का सबसे बड़ा योगदान है जिसको याद किये बिना अमृत महोत्सव अधूरा है। स्वामी दयानन्द सरस्वती स्वतंत्रता के प्रथम उदघोषक थे जिन्होंने कहा कि भारत केवल भारतीयों का है। जिन्होंने सोये जनमानस में क्रांति की ज्वाला प्रवाहित की।उनकी प्रेरणा लेकर हजारों नौजवान युवक व युवतियां स्वतंत्रता समर में कूद पड़े।
आजादी के आंदोलन में चाहे नरम दल हो या गरम दल दोनों में सर्वाधिक संख्या आर्य समाजियों की ही थी। इतना ही नहीं इस बात के स्पष्ट प्रमाण भी हैं कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में स्वामी जी भेष बदल-बदल कर विभिन्न रजवाड़ों को इस आंदोलन के लिए इकट्ठा कर रहे थे। स्वामी दयानन्द के अमर ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश को पढ़कर राम प्रसाद बिस्मिल, भगत सिंह और आज़ाद ,सुभाष चंद्र बोष, नीरा आर्या,दुर्गा भावी जैसे क्रांति वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला कर रख दीं थी।
कलकत्ता आदि प्रमुख महानगरों के आर्य समाज मन्दिर व गुरुकुल कभी क्रांतिकारियों की शरण स्थली हुआ करते थे। परन्तु यह देश का दुर्भाग्य है कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात बनने वाली सरकारों ने आर्य समाज के योगदान को उपेक्षित कर दिया। सत्ता के चाटूकार लेखकों ने इस इतिहास को ही बदल कर युवा पीढ़ी की जानकारी से दूर कर दिया। उन्होंने सम्पूर्ण आंदोलन को एक परिवार व एक पार्टी तक सीमित कर दिया आज इतिहास के पुनर्लेखन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आर्य समाज के उच्चाधिकारियों की ओर से देश के प्रधानमंत्री से ये अनुरोध किया गया है कि 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने उदबोधन में देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन में आर्य समाज के योगदान से परिचित कराएं। लाखों कुर्बानियों के बाद हमें ये आजादी मिली है जिसको अक्षुण बनाए रखना हम सब का परम कर्तव्य है।आज हमें आपस मे ऊंच नीच का भेद भुलाकर मिलकर चलना होगा तभी हम उन अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बना सकते हैं।
आज देश आंतरिकरूप से असुरक्षित हो रहा है।आर्य समाज देश की अखण्डता व एकता के लिए एक देश एक विधान अर्थात समान नागरिक संहिता की मांग करता है। इस अवसर पर आर्य समाज के प्रधान प्रदीप कुमार आर्य ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अमित कुमार आर्य,अनुराग आर्य,रजत,विवेक राठौर,प्रांशु राठौर,अर्पित आर्य,कैलाश चंद, अशोक आर्य,प्रतीक चौरसिया, हर्ष,राजीव आर्य, नीलम आर्या आदि उपस्थित रहे।