फर्रुखाबाद।(एफबीडी न्यूज़) ताला तोड़कर सास का सामान गायब करने वाली दबंग बहू रूबी के समर्थन में किसान यूनियन की महिलाओं ने पुलिस चौकी में जबरदस्त हंगामा किया। हंगामा को देखने के लिए सड़क भीड़ लग गई। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला चिलपुरा निवासी वृद्धा श्रीमती सुनीता वाजपेई के मकान पर उसके बेटे रमाकांत की दबंग पत्नी रूबी ने बीते साल जबरन कब्जा कर लिया। सुनीता मकान के निचले हिस्से में एवं रूबी ऑपरेशन में रहती थी। रूबी की दबंगई के कारण उसकी जवान बेटी वैष्णवी दादी सुनीता के पास रहती है। मकान पर कब्जा हो जाने के बाद सुनीता मोहल्ला खतराना में किराए पर रहने लगी। 
रूबी की हरकतों के कारण उसका पति रमाकांत पांचाल घाट पर रहता है जो घटवई का काम करता है। सुनीता ने जिलाधिकारी की अदालत में बहू की मकान से बेदखली मुकदमा दायर किया था। डीएम ने 28 फरवरी को तहसीलदार को आदेश दिया था की रूबी को मकान से निकाल कर मकान का कब्जा सुनीता को दिलाया जाए। तहसीलदार इस आदेश का पालन करने के लिए फोर्स के साथ मकान पर गए थे तब रूबी के कमरे में ताला लगा था और वह मौके पर नहीं मिली। न्याय न मिलने पर पीड़ित सुनीता ने हाई कोर्ट की शरण ली, हाईकोर्ट द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। तहसीलदार ने पुलिस के सहयोग से बीती शाम 4 बजे रूबी का सामान निकाल कर उसके पति की सुपुर्दगी में दे दिया और मकान में सुनीता को कब्जा दिला दिया। 
पुलिस के सुझाव पर सुनीता रात में मकान में न रुककर किराए के मकान में चली गई। बताया जाता है कि बीती रात करीब 8 रूबी आधा दर्जन महिलाओं के साथ मकान पर गई और सुनीता के कमरे का ताला तोड़कर उसका सामान गायब कर दिया। सुनीता शिकायत करने के लिए बीती रात कोतवाली पहुंची उन्होंने सीओ सिटी को घटना की जानकारी दी, सिटी ने शिकायती पत्र लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आज सुनीता को सुझाव दिया कि तुम अपने मकान पर ताला लगाओ। सुनीता ताला लेकर आज सायं 4 बजे तिकोना चौकी पहुंची। उन्होंने चौकी इंचार्ज को बताया कि मेरे कमरे का ताला तोड़कर फ्रिज टीवी बक्सा आदि सामान गायब कर दिया गया बक्से में करीब एक लाख रुपए थे। थोड़ी देर बाद ही रूबी किसान यूनियन की नेत्री बिट्टो अवस्थी, तारा, सीता आदि करीब एक दर्जन महिलाओं के साथ तिकोना पुलिस चौकी पहुंची।
रूबी ने पुलिस चौकी में हंगामा मचाया की सास ने मेरे कमरे का ताला तोड़कर सामान गायब कर दिया है। चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने रूबी को बताया कि डीएम के आदेश पर तुम्हारे कमरे को खाली करा कर सुनीता को कब्जा दिलाया गया है तुम्हारा सामान पति की सुपुर्दगी में दिया गया है। किसान यूनियन की तेज तर्रार कार्यकर्ता श्रीमती बिट्टो अवस्थी ने रूबी की पैरवी करते हुए जबरदस्त हंगामा मचाया और कुर्सी खींच कर बैठ गई। इस दौरान वृद्ध सुनीता को गाली गलौज कर बुरी तरह अपमानित किया गया। लेकिन वह पुलिस की हिदायत व भय के कारण खून का घूंट पीकर मुंह बंद किए बैठी रही। पुलिस ने आरज़ू मिन्नतें करके किसान यूनियन की महिलाओं को चौकी से बाहर निकाला। चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने एफबीडी न्यूज को बताया की सुनीता देवी का सामान गायब किए जाने की जांच के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे उसी के बाद कार्रवाई की जाएगी।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)




