फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) पुलिस पर व्यापार मंडल के एकजुट होने व उनकी चेतावनी का कोई असर नहीं पड़ा है। पुलिस ने आज थाना मऊदरवाजा के ग्राम नगला वजीर खारबंदी व्यापारी निवासी राजेंद्र चौहान का शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया, जिनकी जमानत हो गई। पुलिस ने बीते दिन राजेंद्र को नगर फतेहगढ़ में पकड़ा था। आरा मशीन मलिक राजेंद्र युवा व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष है। पुलिस का व्यापारियों को पकड़ने का सिलसिला जारी है। पुलिस ने आज व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव के आवास, रवि गुप्ता के टाउन हॉल स्थित होटल तथा अजहर के मोहल्ला खैराती खां स्थित जरदोजी कारखाने पर छापा मारा।
युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया की पुलिस ने निर्दोष उन लोगों को भी मुकदमे में आरोपी बना दिया है जो मशाल जुलूस आंदोलन में शामिल नहीं थे। ऐसे लोगों में करीम खान, आगाज खान, जय कश्यप, अजहर एवं रवि गुप्ता शामिल हैं पुलिस जय कश्यप को गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है। श्री श्रीवास्तव ने बताया की अब झूठी रिपोर्ट दर्ज करने वाले वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि कल युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी उर्फ जीतू यहां आ रहे हैं। उनको प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने पुलिस उत्पीड़न की जांच के लिए भेजा है।
जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सदानंद शुक्ला एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम आज दोपहर बाद अपर पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके कार्यालय गए। एएसपी के मौजूद न होने के कारण व्यापारी नेता मायूस होकर वापस लौट गए। बताया गया है कि ये व्यापारी नेता कल अपर पुलिस अधीक्षक से भेंट कर व्यापारियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को वापस कराने आदि विवाद को निपटने का प्रयास करेंगे।
व्यापारी नेता राजू गौतम ने बताया कि युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी कल शाम 5 बजे जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला के प्रतिष्ठान पर मीडिया से वार्ता करेंगे।




