फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) इलाज की आड़ में धर्म परिवर्तन कर रुपए हड़पने वालों के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है। थाना कमालगंज पुलिस ने अदालत के आदेश पर ग्राम बलीपुर निवासी
राजकुमार पुत्र कालीचरन की ओर से मुकदमा दर्ज किया है। राजकुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि प्रार्थी का पुत्र शिवम काफी समय से बीमार चल रहा था। प्रार्थी ने कई डाक्टरों को दिखाया, लेकिन वह ठीक नहीं हुआ। प्रार्थी को पता चला कि नगला दाऊद में इदरीश मुल्ला जी झाड फूंक करके लोगों को ठीक करते हैं। प्रार्थी भी लगभग छह माह पूर्व से इदरीश मुल्ला के घर पर बेटे को लेकर जाता रहा।
इदरीश मुल्ला ने प्रार्थी को कागजों पर कुछ लिखकर दिया और कहा कि गले में ताबीज बनाकर पहना देना और पानी में डालकर पिलाना। प्रार्थी को इदरीश मुल्ला प्रत्येक सप्ताह अपने पास बुलाता रहा। जब प्रार्थी के पुत्र को कोई फायदा नहीं हुआ, तब प्रार्थी ने इदरीश मुल्ला से कहा कि तुम्हारे झाड़ फूंक व ताबीज से मेरा पुत्र ठीक नहीं हो रहा है। काफी समय से आपके पास आ रहे हैं। इदरीश मुल्ला ने कहा कि तुम दोनों मुसलमान बन जाओ और तुम्हारा लड़का भी ठीक हो जायेगा और तुम्हारी सारी परेशानियां दूर हो जायेंगी। प्रार्थी इदरीश मुल्ला की बातों पर विश्वास करके अपने पुत्र की जीवन रक्षा हेतु प्रार्थी व उसके पुत्र शिवम को इदरीश मुल्ला द्वारा मंत्र ला इलाह इल्ला पढ़ाकर मुसलमान बना दिया गया। जिससे कुछ दिन बाद मेरा लड़का टोपी लगाकर घूमने लगा और वह कुछ दिन में पागल हो गया।
प्रार्थी मुल्ला के पास गया और उसको सारी बात बतायी। प्रार्थी ने उससे कहा कि तुमने धीरे-धीरे 40 से 45 हजार रूपया भी ठग लिया और मेरा लड़का भी पागल हो गया है। तो इदरीश मुल्ला के लडके तमजीद ने प्रार्थी को धक्का देकर गिरा दिया और लात घूसों से मारा पीटा और मुल्ला ने कहा कि तेरे रूपए नहीं देंगे, तुझे जो करना है, कर ले जाकर। प्रार्थी उक्त घटना की रिपोर्ट लिखाने थाना कमालगंज गया था, जहां रिपोर्ट अंकित नहीं की गयी। तब प्रार्थी ने एसपी के समक्ष पेश होकर प्रार्थना पत्र दिया पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रार्थी से कहा गया कि सीओ अमृतपुर के पास जाकर अपने बयान दर्ज कराओ। प्रार्थी ने सीओ अमृतपुर के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज कराए थे। इदरीश मुल्ला द्वारा किए गए कृत्य से क्षुब्ध होकर प्रार्थी के पुत्र शिवम ने 23/10/2025 को आत्महत्या कर ली। जिसका पंचनामा थाना पुलिस कमालगंज द्वारा भरा गया।




