फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 27 फरवरी। नगर के लकूला मसेनी रोड स्थित कुलवंती अस्पताल में लापरवाही से किए गए इलाज के दौरान युवती के मर जाने पर हॉस्पिटल सीज कर दिया गया। थाना कादरीगेट के डिग्गी ताल निवासी राम लखन की 28 वर्षीय पुत्री श्रीमती राखी की आज दोपहर बाद तबीयत खराब हो गई उसे इलाज के लिए 3 बजे कुलवंती अस्पताल ले जाया गया। इलाज में लापरवाही के कारण राखी की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा मचाया। सूचना मिलने पर कादरी गेट पुलिस एवं सीएमओ डॉक्टर अविनेंद्र कुमार एवं एसीएमओ डॉ रंजन गौतम अस्पताल पहुंचे। जिन्होंने मरीजों को बाहर निकाल कर अस्पताल सीज कर दिया। 
सीएमओ ने बताया कि महिला की मौत के मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। राखी की छोटी बहन कविता ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है। शिकायत के मुताबिक तबीयत खराब होने पर राखी को 3 बजे कुलवंती अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर पंकज स्टाफ पूनम व निर्मल ने बिना जांच के दवाइयां दी और इंजेक्शन लगाया। राखी की हालत बिगड़ने पर तीमारदारों ने डॉक्टर से योग्य चिकित्सक बुलाए जाने की फरियाद की। लेकिन किसी अन्य डॉक्टर को नहीं बुलाया गया। थोड़ी देर बाद ही राखी की मौत हो गई कविता ने आरोप लगाया की अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ की घोर लापरवाही व इंजेक्शन लगाए जाने के कारण बहन की मौत हुई है। 
राखी का 4 साल पूर्व जनपद इटावा थाना ऊसराहार के ग्राम महोरी निवासी शिवकांत कश्यप के साथ विवाह हुआ था। इसी अस्पताल में 20 फरवरी को राखी की डिलीवरी हुई थी। परिजन शिवनाथ सिंह ने मीडिया को बताया की कुलवंती अस्पताल वालों ने बहू राखी को माया हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। वहां जाने पर राखी को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया बल्कि इलाज करने से पहले डेढ़ लाख रुपए जमा करने को कहा गया था। राखी की मौत पर उसकी मां सावित्री देवी आदि महिलाएं बिलखती रही।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)

