फर्रुखाबाद।(एफबीडी न्यूज) 6 मार्च। हादसे में मौसेरे भाई विवेक एवं अजय उर्फ गुड्डू की मौत हो जाने पर परिवार में कोहराम मच गया। विवेक नगर के मोहल्ला अंगूरी बाग निवासी रामनाथ कुशवाहा का 25 वर्षीय पुत्र था जबकि गुड्डू गंगा दरवाजा निवासी राजवीर कुशवाहा का 26 साल का बेटा था। दोनों मौसेरे भाई शादी के कार्ड बांटने बाइक नंबर यूपी 76एके/ 6212 से जनपद शाहजहांपुर के ग्राम दोस्तपुर में बहन सोनी को शादी का कार्ड देने गए थे। दोनों युवक कार्ड बांटकर बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। 
भाई को अजय उर्फ गुड्डू चल रहा था। जब वह सायं थाना राजेपुर के ग्राम पश्चिमी गोटिया के सामने से गुजर रहा था उसी समय फर्रुखाबाद की ओर से तेजी से गए डीसीएम कैंटर यूपी 34एटी/ 5521 के चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने गंभीर घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि विवेक के भाई विपिन की 10 मार्च को शादी होनी है। विवेक एवं गुड्डू की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन रोते बिलखते लोहिया अस्पताल पहुंचे।

बताया गया कि दुर्घटना के बाद चालक डीसीएम कैंटर छोड़कर भाग गया जिसको पुलिस ने कब्जे में ले लिया। विवेक की मौत पर उसकी पत्नी अनीता आदि परिवार की महिलाएं बिलखती रही। विवेक के दो बच्चे शौर्य एवं अवनी है, गुड्डू की मौत पर उसकी पत्नी लक्ष्मी बिलखती रही वह मां-बाप का एकमात्र पुत्र था एक बेटा लक्ष्य है व बहन पूजा है।



