फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 7 मार्च। नगर पालिका कायमगंज के सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व की सर्वाधिक शिकायतें की गई। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता व विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील दिवस में राजस्व विभाग की 27, पुलिस विभाग की 2, विद्युत विभाग की 15, विकास विभाग की 13, आपूर्ति विभाग की 2, नगर पालिका व नगर पंचायत की 4 व अन्य विभागों की 12 कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण हुआ।
डीएम ने शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिये।
इसके बाद जिलाधिकारी व विधायक ने सीएचसी पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका का निरीक्षण
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगर पालिका कायमगंज का निरीक्षण किया। डीएम ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। नगर पालिका कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन करते हुए कर वसूली, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन, सफाई व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सभागार में सीपेज पाया गया। डीएम ने इसे तत्काल सही कराने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कायमगंज, नगर पालिका अध्यक्ष, तहसीलदार व संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चौपाल का आयोजन
डीएम की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत चिलौली में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्राम वासियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे विधवा, दिव्यांग, वृद्धावस्था पेंशन योजनाएं,मुख्यमंत्री सहभागिता योजना समूह गठन,बैंक से संबंधित योजनाएं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना आदि के साथ में सभी ग्राम वासियों को पंचायत चुनाव एवं यसआईआर, फॉर्मर रजिस्ट्री आदि की के बारे में भी जानकारी दी गई। चौपाल में उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार, सभी विभागों के अधिकारी, प्रधान, सचिव एवं तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को बताया गया कि वे सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर देश के विकास में भागीदार बने।



