फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 15 मार्च। हादसे में तीन युवकों की मौत हो जाने से परिवार में हाहाकार मच गया। थाना नवाबगंज के मुख्य चौराहे के निकट बीती रात डंपर के कुचल जाने के कारण तीन बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर आज सुबह जनपद एटा थाना नयागांव के ग्राम कूड़ा नावर के लोग थाना नवाबगंज पहुंचे। जिन्होंने मृतकों की 20 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र स्वर्गीय कमलेश सिंह, 18 वर्षीय अर्पित यादव पुत्र मानसिंह एवं 15 वर्षीय निशु पुत्र कैलाश के रूप में पहचान की है।


घटनास्थल पर युवकों की बाइक बुरी तरह छतिग्रस्त पड़ी देखी गई। थाना नवाबगंज के ग्राम कलौली महबुल्लापुर में अर्पित के मामा सेवाराम रहते हैं। परिजनों ने बताया कि तीनों युवक बीती शाम घर से यह कहकर निकले थे कि वह खेतों की ओर जा रहे हैं। अनुमान लगाया गया कि युवक अर्पित के साथ उसकी ननिहाल जा रहे थे। जब वह मध्य रात के समय नवाबगंज चौराहे के निकट से गुजर रहे थे उसी समय मोहम्मदाबाद की ओर से तेजी से आए डंपर चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। अनियंत्रित डंपर बाइक को घसीटता हुआ मिश्रा बीज भंडार के निकट पेड़ को तोड़ता हुआ दुकान में जा घुसा। दुकान के निकट तीन शेड में कार खड़ी थी जो डम्पर की टक्कर से छतिग्रस्त हो गई। 
दुर्घटना होते ही चालक डंपर छोड़कर भाग गया डंपर में पत्थर की गिट्टी भरी है। डंपर से कुचल जाने के कारण युवकों के शव क्षत-विक्षत हो गए थे मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रयास करके शवों के अवशेष एकत्र किए। बाइक के नंबर से युवको का पता तलाशा गया, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया की मृतकों के पिता मानसिंह एवं कैलाश दिल्ली में काम करते हैं। युवकों की मौत पर उनके परिवार की महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।



