तमंचे से खिलवाड़ के दौरान किशोर के हाथ से गोली चलने से चचेरी बहन की मौत

कमालगंज फर्रुखाबाद। तमंचे से खिलवाड़ के दौरान गोली चल जाने से युवती रत्ना उर्फ चौबे की मौत हो गई। रत्ना थाना कमालगंज के ग्राम लखमियापुर निवासी अशोक कठेरिया की 17 वर्षीय पुत्री थी। रत्ना बीती रात 8 बजे पड़ोस में रहने वाले चाचा सुनील के घर गई थी।

घर के अंदर सुनील का 11वर्षीय बेटा विक्रांत तमंचे के साथ खिलवाड़ कर रहा था। उसी दौरान 315 बोर के तमंचे से गोली चली गई। नजदीक से रत्ना के सीने में लगी गोली पार हो गई घटना के बाद दोनों परिवार के लोग भयभीत हो गए। पुलिस को बिना सूचना दिए रत्ना को उपचार के लिए भोलेपुर में तिवारी नर्सिंग होम ले जाया गया।

वहां डॉक्टर ने रत्ना को मृत घोषित कर दिया उसके बाद परिजन शव को लेकर गायब हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर कमालगंज के इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह ने घटनास्थल जा कर जांच पड़ताल की। गांव वालों ने पुलिस को बताया कि परिजन घायल लड़की को अस्पताल ले गए हैं। सूचना मिलने पर सीओ रविंद्र नाथ राय व थाना पुलिस रत्ना को तलाश करते रहे।

परिजनों ने इधर-उधर इलाज की जानकारी देकर पुलिस को गुमराह किया। काफी प्रयास करने के बाद पुलिस ने रात करीब 2.30 रत्ना के शव को कब्जे में ले लिया और शव को मोर्चरी फतेहगढ़ भेज दिया। आज उप निरीक्षक अनिल कुमार ने रत्ना के शव का पंचनामा भरा। घटना के बाद से सुनील व उनका बेटा विक्रांत गायब है पुलिस काफी सरगर्मी से विक्रांत व सुनील को खोज रही है।

अमृतपुर क्षेत्राधिकारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि बीती रात 15 वर्षीय रचना अपने चाचा बबलू के घर गई थी। वहां बबलू का अवैध तमंचा रखा था तमंचे से खेलते समय गोली लग जाने से रत्ना की मौत हो गई। बबलू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!