फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आज संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेकर बजरिया चौकी इंचार्ज को हटाए जाने की मांग की। एसपी को अवगत कराया गया कि 1 फ़रवरी 2026 को थाना मऊदरवाजा में अपराध संख्या 0046 /26 धारा 191 (२) 191 (३) 190 / 223 / 287 के तहत पुलिस द्वारा फर्जी तरीके से व्यापारियों के विरुद्ध दर्ज किया गया है। जबकि व्यापार मंडल मिश्रा गुट के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एसपी को थाना मऊदरवाजा की बजरिया चौकी इंचार्ज व एक सिपाही के विरुद्ध भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ज्ञापन देकर जांच कराने की मांग की थी जिस पर एक सप्ताह में अगर कोई कार्यवाही नहीं होती है तो धरना प्रदर्शन करने की भी बात ज्ञापन के माध्यम से कही गई थी।
जिस पर एसपी द्वारा एक सप्ताह तक कोई संज्ञान न लेने पर युवा उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को याद दिलाने के उद्देश्य से एक शांति पूर्वक मशाल जुलूस निकाला था जिसमें किसी प्रकार की कोई शांति व्यवस्था नहीं बिगड़ी थी एवं कानून व्यवस्था व भगदड़ नहीं मची थी न कोई दुकानें बंद हुई थी। जिसकी जांच उस क्षेत्र के व्यापारियों व वहां की जनता से की जा सकती है। जबकि अनेकों वर्षों से राजनीतिक दलों द्वारा एवं अन्य संगठनों द्वारा सैकड़ों बार मशाल जुलूस निकाले गए है। कभी भी इस तरह प्रशासन द्वारा कभी भी किसी भी व्यक्ति पर मुकदमा पंजीकृत नहीं किया। क्योंकि यह मशाल जुलूस पुलिस के भ्रष्टाचार के विरुद्ध था इस लिए पुलिस ने अपनी बदनामी के भय से तथा भविष्य में कोई पुलिस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज न उठा पाए इस कारण जल्द बाजी में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया। जिसमें 15 नामजद 5 से 7 अज्ञात व्यापारियों को आरोपी बनाया गया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री जीरो टॉलरेंस भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़े निर्देश है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आदेशों के विपरीत जाकर यह फर्जी मुकदमा लिखा गया है भ्रष्टाचार की अगर कोई आवाज़ उठाएगा तो उसका मुंह बंद करने के उद्देश्य से उस पर इस तरह फर्जी मुकदमे पुलिस लगाएगी तो कोई भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी आवाज़ नहीं उठा पायेगा। जिससे भ्रष्टाचार को और बल मिलेगा हर कोई भ्रष्टाचार के विरुद्ध बोलने से भी डरेगा और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच जाएगा। और मुख्यमंत्री के निर्देशों की अवहेलना होगी। व्यापारियों ने एसपी से निवेदन करने के साथ चेतावनी दी है कि इस फर्जी मुकदमे को तत्काल वापस ले अन्यथा यह लड़ाई उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में लड़ी जाएगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के हर जिले से व्यापार मंडल के पदाधिकारी मुख्यमंत्री के नाम हर जिले के जिलाधिकारी को इस फर्जी मुकदमे के विरुद्ध ज्ञापन देंगे कि फर्रुखाबाद के सम्मानित व्यापारियों पर भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज़ उठाने पर लगे फर्जी मुकदमा वापस लिया जाए। ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार कनौजिया उर्फ लालू, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम, नगर अध्यक्ष हाजी मो0 इख़लाक खान, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना, नगर संयुक्त महामंत्री राम जी पाठक, जिला महिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, मनोज कुमार नागर अध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन, अरुण अग्निहोत्री नगर अध्यक्ष उद्योग मंच, डॉ महेंद्र कुमार श्रीवास्तव अध्यक्ष ने हस्ताक्षर किए हैं।
जांच सीओ सिटी को
नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद एख़लाक खान ने बताया की पुलिस अधीक्षक ने शिकायती पत्र की जांच सीओ सिटी को दी है। एसपी ने वादा किया है कि जांच में सही होगा गलत नहीं होने देंगे, जो भी साक्ष्य हो सिटी को उपलब्ध करा देना।




