फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 अप्रैल। आज शाम हृदय गत रुक जाने से सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल का देहांत हो गया। जिससे प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सिटी मजिस्ट्रेट श श्री बंसल को खर्राटे आने की समस्या थी। उन्होंने घर जाने के लिए परसों अवकाश लिया था, कल सुबह तबीयत होने पर डॉ केएम द्विवेदी को दिखाने गए। कल शाम करीब 6 बजे नोएडा घर चले गए, वहां तबीयत खराब हो जाने पर उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। आज शाम करीब 4 बजे उनका देहांत हो गया। बताया गया कि श्री बंसल सितंबर माह में माह में ही सेवानिवृत होने वाले थे।

डॉ केएम द्विवेदी ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि कल सिटी मजिस्ट्रेट शरीर में दर्द की शिकायत होने पर दिखाने आए थे। मैंने उनको दर्द का इंजेक्शन लगाकर नोएडा जाकर इलाज करने की सलाह दी थी, उस समय वह सामान्य स्थिति में थे। डॉक्टर द्विवेदी ने बताया कि मैं निरंतर सिटी मजिस्ट्रेट के संपर्क में रहा। उन्हें सांस फूलने एवं खर्राटे आने की समस्या थी, हालत बिगड़ने पर उन्हें सीपीआर भी दिया गया लेकिन हृदयगति रुक जाने से उनका देहांत हो गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पीड़ित परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है श्री बंसल का कल अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जिलाधिकारी का संदेश
जनपद में नगर मजिस्ट्रेट, के पद पर तैनात संजय कुमार के निधन का अत्यन्त दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री संजय कुमार पूर्व से ही उच्च रक्तचाप एवं श्वसन सम्बन्धी समस्या से पीड़ित थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर फोर्टिस हास्पिटल, नोएड़ा में उपचार हेतु भर्ती हुये थे। जहां पर चिकित्सकों द्वारा अवगत कराया गया कि मल्टी आर्गन फल्योर होने की वजह से आज सांय लगभग 4 बजे उनका निधन हो गया। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।



