फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) पिता व बहन की पिटाई के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से आहत युवक ने थाने में जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। थाना कंपिल के ग्राम कमरुद्दीन नगर निवासी रामपाल आज दोपहर पुत्री किरन व के साथ खेत में सरसों की फसल काटने गए थे। तभी गांव के दबंगों ने फसल काटने से रोकते हुए गाली गलौज करने लगे। रामपाल के द्वारा विरोध किए जाने पर दबंगों ने उनकी लाठी डंडों से पिटाई की, जब बेटी किरन बचाने गई तो उसे भी पीटा गया। 
पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि गांव के लोकेंद्र, रजनेश, छत्रपाल, विवेक, जबर सिंह, विनोद, एजेंट पाल आदि ने बाप बेटी की पिटाई की है। प्रवेश घायल पिता रामपाल व बहन किरन को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गया। थाना पुलिस ने तुरंत ही कोई कार्रवाई नहीं की और मामले को टालने में जुट गई। इसी बात से गुस्साये प्रवेश ने थाने में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रवेश के गिरते ही पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। उसे आनन फानन में उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज ले जाया गया। डॉ जितेंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रवेश को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद थाना में ही जहरीले पदार्थ की पुड़िया पड़ी मिली। 
बताया गया कि प्रवेश ने चूहा मार जहर खाया है। कायमगंज सीएससी में उपचार के दौरान प्रवेश की गर्भवती पत्नी श्रीमती रूबी पति की हालत को देखकर बुरी तरह बिलखने लगी। उसने मीडिया को बताया कि गांव के दबंग लोग एक हफ्ते से परेशान कर फसल नहीं काटने दे रहे हैं। आज गांव के दबंग लोगों ने मेरे ससुर व ननद की जमकर पिटाई की है पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है मेरी तीन दिन बाद ही डिलीवरी होनी है।



