फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 अप्रैल। अदालत के आदेश पर कोतवाली फर्रुखाबाद के प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मालूम हो कि बीते दिन अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह को 7 दिन के कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। पुलिस अधीक्षक को आदेशित किया गया कि वह कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह को गिरफ्तार कर 6 अप्रैल तक अदालत में पेश करें। अदालत के आदेश पर वारंट तामील न कराने तथा अदालत में उपस्थित न होने के मामले में अदालत ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अदालत के आदेश की भनक लगते ही कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह रवानगी कराकर कहीं चले गए। तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार को कोतवाली का चार्ज मिला है। कोतवाली प्रभारी श्री सोलंकी को सजा हो जाने के मामले में उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो जानी चाहिए थी।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि उनको परसों कोतवाली का चार्ज मिला है। श्री सोलंकी के बारे में पूछे जाने पर बताया कि वह दबिश देने गए हैं। जब कोतवाली प्रभारी से पूछा गया कि दबिश में श्री सोलंकी के साथ कितने पुलिसकर्मी गए हैं, तो उन्होंने बताया कि कोतवाली में फोर्स की काफी कमी है। सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा ने बताया की उन्होंने आज ही चार्ज लिया है उनको इस मामले की जानकारी नहीं है। पुलिस अधीक्षक के पीआरओ ने बताया की जानकारी करने के लिए दर्शन सिंह सोलंकी को फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। कादरी गेट थाना प्रभारी को कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी की गिरफ्तारी करने का का आदेश दिया गया था।
कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार चौधरी ने एफबीडी न्यूज को बताया की कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी राजकीय कार्य से बाहर गए हैं वह कार्य के समाप्त होने पर ही वापस लौटेंगे। बताया जाता है कि उपनिरीक्षक दर्शन सिंह सोलंकी अदालती आदेश के विरुद्ध हाईकोर्ट से स्थगन आदेश लेने गए हैं वह जेल जाने के भय से अदालत में हाजिर नहीं हुए।



