फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 अप्रैल। कोतवाली फर्रुखाबाद के प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी को अदालत से बहुत बड़ी राहत मिल गई है। जनपद न्यायाधीश ने निचली अदालत के आदेश को स्थगित कर दिया है। आज कोतवाली फर्रुखाबाद के प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने कुंवर सिंह यादव एडवोकेट के माध्यम से निचली अदालत के आदेश के विरुद्ध जनपद न्यायाधीश के यहां अपील दायर की। जनपद न्यायाधीश ने अपील एडमिट कर ली। और आदेश को रिजर्व कर लिया। अधिवक्ता कुमार सिंह यादव ने एफबीडी न्यूज को बताया की लिपिक से जानकारी करने पर पता चला है कि जनपद न्यायाधीश ने निचली अदालत के आदेश को स्थगित कर दिया है और सुनवाई के लिए 30 अप्रैल की तिथि निश्चित की है।
मालूम हो कि बीते दिन अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह को 7 दिन के कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। पुलिस अधीक्षक को आदेशित किया गया कि वह कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह को गिरफ्तार कर 6 अप्रैल तक अदालत में पेश करें। अदालत के आदेश पर वारंट तामील न कराने तथा अदालत में उपस्थित न होने के मामले में अदालत ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अदालत के आदेश की भनक लगते ही कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह रवानगी कराकर कहीं चले गए। तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार को कोतवाली का चार्ज मिला है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने एफबीडी न्यूज़ को बताया था कि उनको परसों कोतवाली का चार्ज मिला है। श्री सोलंकी के बारे में पूछे जाने पर बताया कि वह दबिश देने गए हैं।



