सरकारी लाभ के लिए 30 तक बनवाए फार्मर रजिस्ट्री आईडी: ओवरलोड ट्रक सीज

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 11 अप्रैल। प्रशासन ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी की तिथि तय कर दी है। ग्राम पंचायत सिरौली में फार्मर रजिस्ट्री आईडी एवं भूमि अधिग्रहण संबंधी बैठक जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, क्षेत्रीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इसी दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को अवगत कराया कि सभी किसान 30 अप्रैल तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। अन्यथा की स्थिति में उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो सकेगा।

साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाएं भी बाधित हो जाएंगी। उर्वरक क्रय हेतु भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है। डीएम ने सभी किसानों से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य किसानों की भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। फार्मर रजिस्ट्री आईडी किसान अपने स्वयं के मोबाइल, जन सुविधा केंद्र अथवा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के माध्यम से बनवा सकते हैं। ग्राम पंचायत सिरौली में कुल 5600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जानी है, जिसमें से अब तक 2900 किसानों की आईडी बनाई जा चुकी है। शेष किसानों की आईडी शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

3 ओवरलोड ट्रक सीज

आज अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया चेकिंग। प्रवर्तन टीम द्वारा दो ओवरलोड खनिज से लदे वाहन सीज किए गए, जिन पर ₹71000 जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य वाहन को सीज करते हुए 30 हजार का जुर्माना लगाया गया।

error: Content is protected !!