फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 14 अप्रैल। जिले में बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास से डॉक्टर अंबेडकर की जयंती मनाई गई। तहसील कायमगंज के ग्राम चिलसरी स्थित भिक्षु डीआर देव बुद्ध विहार में डॉक्टर अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। भिक्षु पदम गुप्त ने बुद्ध वंदना करके कार्यक्रम की शुरुआत की, सभी लोगों ने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। अस्वस्थ कर्मवीर शाक्य ने फोन पर संदेश दिया कि असमानता, वर्णवादी, मानवतावादी, लुटेरे संस्कृति से नाता तोड़ो, समानता पर आधारित कमेरी बौद्ध संस्कृति से नाता जोड़ों। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के संरक्षक लड़ैते लाल उत्तम ने कहा कि डॉक्टर अंबेडकर ने शोषित समाज के मसीहा थे वह वर्ण व्यवस्था के खिलाफ थे।
सरिता नर्सरी के मालिक सुखराम सिंह शाक्य ने कहा कि संविधान निर्माता डॉक्टर अंबेडकर मूर्ति पूजा का विरोध करते थे। आचार्य गिरीश बाबू गौतम ने कहा कि डॉ अंबेडकर ने हिंदू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपनाया था हम लोगों को भी मानवतावादी बौद्ध धर्म अपनाना चाहिए। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष संतोष बौद्ध ने डॉक्टर अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलने को कहा। जयंत शाक्य, फूल सिंह बौद्ध, जगराम सिंह आदि ने डॉक्टर अंबेडकर को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का आवाहन किया। कार्यक्रम में प्रधान मंगली प्रसाद, अरविंद कुमार, अभिषेक बौद्ध, विजय शाक्य, पूर्व प्रधान मुकेश कुमार, देशराज राठौर, फूलचंद प्रजापति, सूरज शर्मा, राम लखन रामदयाल, डॉक्टर दुर्वेश शाक्य, बैंक मैनेजर हरीराम शाक्य, शिवम शाक्य, धनदेवी प्रजापति, प्रधान वीरेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बुद्ध विहार के प्रबंधक राहुल शाक्य एडवोकेट ने की, कार्यक्रम की समाप्ति पर खुशी में मिष्ठान वितरण किया गया।
पचपुखरा में मनाई गई अंबेडकर जयंती

दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कठेरिया के पचपुखरा स्थित आवास पर डॉक्टर अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस दौरान डॉक्टर अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए गए रास्ते पर चलने को कहा गया। बैठक में मनोज कठेरिया, ओमप्रकाश कठेरिया मयंक सागर, मोहित कठेरिया, जहांगीर मंसूरी, सलीम मंसूरी, प्रमोद गौतम, सेवानंद कठेरिया, अभय कुमार शाक्य आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता होरीलाल बौद्ध ने की, जबकि संचालन हरिओम बौद्ध ने किया।
प्रशासन ने मनाई अंबेडकर जयंती

भारत रत्न डॉ० भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह द्वारा जे0एन0वी0 तिराहे पर उनकी मूर्ति एवं कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ० आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आधुनिक भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, सभी को उनके साहित्य को पढ़ना चाहिये। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय एवं बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में समरसता एवं सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करना चाहिए।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



