फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 17 अप्रैल। बीती रात चोर कायमगंज के व्यापारी के घर से लाखों रुपए कीमती जेवरात व नकदी निकाले गए। आज ही चार्ज लेने वाले नए प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के सामने चोरों को पकड़ने की चुनौती मिली है। कायमगंज के मोहल्ला पटवन गली निवासी तंबाकू व्यवसायी ब्रजेश शर्मा के छोटे पुत्र देवेश की पत्नी श्रीमती ममता बीती शाम घर में ताला लगाकर कंपिल रोड स्थित अपने जेठ लोकेश की बेटी के जन्मदिन समारोह में परिजनों के साथ गई थी। रात करीब 9.30 बजे ब्रजेश अकेले घर पहुंचे। वह मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गये।
वह कमरे का नजारा देखकर सदमे में आ गए। घटना की सूचना पर रात में ही यूपी-112 पुलिस कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी फोर्स के साथ पहुंचे। आज दोपहर नये प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने मामले की जांच पड़ताल की, फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाए। कमरे का एक दरवाजा खुला था अलमारी व सेफ का लॉकर खुला था। चोर लॉकर से 2 सोने की चैन, 7 अंगूठी, 4 चूड़ी, 4 पेंडल, 4 मंगलसूत्र, 12 जोड़ी पायले, 2 जोड़ी झाले, एक जोड़ी टॉप्स चुरा ले गए। व्यापारी बृजेश शर्मा ने यह जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब 26 लाख रुपए है। उन्होंने बताया की चोर अलमारी में रखा एक पर्स भी ले गए, जिसमें 60 हजार रुपए, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर आईडी आदि महत्वपूर्ण कागजात थे।
पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि चोरों को यह कैसे पता लगा कि लॉकर की चाबी कपड़ों के नीचे छिपी है। आशंका जताई जा रही है कि कोई व्यक्ति परिवार के जाने से पहले ही घर की बैठक में छिप गया था। वारदात करने के बाद छत के रास्ते भाग गया। पड़ोसी की छत पर राजमिस्त्री की वसूली मिली है, जिससे अनुमान लगाया गया है कि चोर छतों के रास्ते चिलौली पठान की ओर गये है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने मीडिया को बताया कि घटना की गहराई से जांच की जा रही है। जिस तरह से चाबी ढूंढकर लॉकर खोला गया, उससे किसी करीबी व्यक्ति के होने की संभावना है।



