फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 अप्रैल। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर के आकस्मिक निरीक्षण में गैस एजेंसी की धांधलगर्दी पकड़ी गई। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ आज कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने गैस एजेंसी के अभिलेख खंगाले। जांच में पकड़ा गया कि 8 अप्रैल की गैस बुकिंग की डिलीवरी अब तक नहीं की गई है। डीएम ने पीड़ित महिला उपभोक्ता की शिकायत सुनी, इसी दौरान भीड़ में लोग कह रहे थे की गैस ब्लैक में बीच ली जाती है। घोर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने एजेंसी प्रबंधक को हिदायत दी कि सभी उपभोक्ताओं को गैस की 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं ने एजेंसी वालों की शिकायत की कि बिना गैस सिलेंडर मिले ही डिलीवरी का संदेश प्राप्त हो रहे है। इस धांधलगर्दी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना वास्तविक डिलीवरी के किसी भी उपभोक्ता को गैस डिलीवरी का संदेश न भेजा जाए। सभी बुकिंग की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला हाथी खाना निवासी दिव्यांग मधु श्रीवास्तव की गैस एजेंसी है जिसकी देख भाल मधु के भाई सुशील श्रीवास्तव करते हैं।



