फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 23 अप्रैल। काला कोट पहनकर कचहरी में ठगी करने वालों से अधिवक्ता परेशान परेशान हो गए हैं। बार एसोसिएशन के महासचिव कुमार सिंह यादव एडवोकेट ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ठगों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। श्री यादव ने एसपी को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि यह बात संज्ञान में आयी है कि कचहरी फतेहगढ़ फर्रुखाबाद में कुछ अराजक तत्व जिनमें महिलायें भी शामिल है। वकीलों का काला कोट पहनकर खुलेआम कचहरी परिसर में घूम रहे हैं और खुद को अधिवक्ता बताकर कचहरी परिसर में घूम-घूम कर मुकदमों में पैरवी का झांसा देकर फीस के नाम पर मुवक्किलों से अविधिक रूप से धन उगाई करते हैं, फिर उसके बाद गायब हो जाते हैं।
जिससे आये दिन आम जनता के साथ ठगी और अवैध वसूली की घटनाये प्रकाश में आ रही है। ऐसे अराजक तत्वों द्वारा कचहरी फतेहगढ़ में काला कोट पहनकर स्वयं को अधिवक्ता बताकर अविधिक रूप से कार्य करने से अधिवक्ता समाज की छवि भी धूमिल हो रही है। जनहित में काला कोट पहनकर खुद को अधिवक्ता बताकर अविधिक कार्य करने वाले ऐसे अराजक तत्वों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही किया जाना आवश्यक है। कचहरी परिसर में अधिवक्ता न होने के बाबजूद भी काला कोट पहनकर घूमने वाले एवं अवैध रूप से कार्य करने वाले ऐसे अराजक तत्वों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही किये जाने का आदेश प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेहगढ़ को देने का कष्ट करें।
नहीं बदलेगा अदालतों का समय
जनपद न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं के संगठनों में मतभेद होने के कारण मई व जून में न्यायालय का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 तक का निर्धारित किया है। मालूम हो कि गर्मी के कारण प्रति वर्ष मई व जून में न्यायालय खुलने का समय प्रातः का किया जाता था। बताया गया है कि 24 अप्रैल को अवकाश होने के कारण न्यायालय नहीं खुलेंगे।



