फर्रुखाबाद (एफडी न्यूज़) 27 अप्रैल। ड्राइवर की लापरवाही से डीसीएम से भिडने वाले टेंपो सवार मासूम व उसके मां-बाप की जान चली गई, अन्य 8 लोग घायल हो गए। डीएम एसपी ने अस्पताल जाकर घायलों को देखा और बेहतर ढंग से इलाज करने के निर्देश दिए। थाना जहानगंज के ग्राम हब्बापुर निवासी 25 वर्षीय सत्येंद्र कुमार संखवार पत्नी तनु एवं सवा साल के पुत्र युवराज आदि साथ गांव के ही टेंपो पर सवार होकर जनपद शाहजहांपुर थाना अल्लाह गंज के ग्राम मनिहार जा रहे थे। टेंपो में सत्येंद्र के परिजन व रिश्तेदार रामकरन उसकी पत्नी पुष्पा, अंशु उसकी पत्नी विट्टा चार साल का बेटा राज, पवन नन्ही रमेश चंद आदि लोग टेंपो में सवार थे। जब टेंपो दोपहर बाद इटावा बरेली हाईवे के जमापुर मोड के आगे निकला तभी गांव के ही ड्राइवर दिलीप ने गलत साइड की ओर तेजी से टेंपो को भगाया।
समृद्धि कॉल स्टोरेज के निकट तेजी से जा रहा टेंपो सामने तेजी से आए डीसीएम से भिड़ गया। पुलिस ने ग्रामीणों को सहयोग से टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सत्येंद्र कुमार उसकी पत्नी तनु व बेटा युवराज की मौत हो गई। अन्य घायलों को राजेपुर सीएससी एवं लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एडीएम एसडीएम, एएसपी अस्पताल पहुंचे। गंभीर घायल पुष्पा देवी नन्ही सहित पांच लोगों को सैफई अस्पताल के लिए रेफर किया गया। हादसे में ड्राइवर दिलीप को मामूली चोट आई है।



