फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 मई। जिला कृषि रक्षा विभाग की टीम ने नकली हजारों लीटर रसायन इलेक्ट्रॉन को सीज कर दिया है।
उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद के द्वारा मीडिया को अवगत कराया गया कि मैसर्स किसान एजेन्सीज, पपियापुर सेन्ट्रल जेल सातनपुर मण्डी रोड के प्रतिष्ठान पर यू०पी०एल० कम्पनी का संदिग्ध बीज शोधक रसायन ‘इलेक्ट्रॉन’ प्राप्त हुआ है, जिसकी जॉच तत्काल की जानी है। उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद एवं जिला के सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने मैसर्स किसान एजेन्सीज, पपियापुर सेन्ट्रल जेल सातनपुर मण्डी रोड के प्रतिष्ठान पर छापा डालकर जॉच पडताल की। जाँच के दौरान प्रो० शिवम अग्रवाल द्वारा बताया गया कि उक्त रसायन मैसर्स अभय एग्रो ट्रेडर्स नेरा रोड कन्नौज से प्राप्त किया है।
रसायन की कुल मात्रा 2520 लीटर है जिसका मूल्य पच्चीस लाख बीस हजार रूपये है। शिवम अग्रवाल ने गहन जाँच पूंछताछ करने पर बताया गया कि उक्त रसायन पांचाल घाट के पास लालू यादव के प्लाट पर मौजूद है। कृषि रसायन की बोतलो पर विनिर्माण तिथि, अवसान तिथि एवं बैच नम्बर न होने से प्रथम दृष्टयता रसायन नकली प्रतीत हो रहा है। उक्त रसायन को सीज कर करते हुए राजकीय कृषि रक्षा केन्द्र बुढनामऊ पर सुरक्षित रखा गया है। रसायन की गुणवत्ता की जॉच हेतु नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इस दौरान वहाँ पर गवाह अमित पुत्र राजेश ग्राम अवापुखरी कमालगंज, बॉबी एवं शिवम अग्रवाल उपस्थित रहे। यू०पी०एल० कम्पनी को भी प्रकरण के सम्बन्ध में अवगत करा दिया है। इस प्रकरण में कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं नियमावली 1971 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 के विभिन्न प्रावधानो के तहत सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है।



