मंत्री जयवीर सिंह ने किया महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 मई। सूबे के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आज दोपहर महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया। मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है कि जन्म जयंती के पावन अवसर पर महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया है, राष्ट्र भक्त महाराणा प्रताप देश के गौरव है। मंत्री श्री सिंह ने राष्ट्रद्रोही, गद्दारी का जीवन जीने वालों एवं तुष्टिकरण करने वालों को पहचान कर सावधान रहने का आवाहन किया। उन्होंने बताया कि आज जिले की 12 करोड़ 25 लाख की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे तथा 29 करोड़ की की नवीन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

उन्होंने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष के रास्ते पर चलने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय जात नहीं धर्म है जो गरीबों की रक्षा करते हैं महाराणा प्रताप की मूर्ति लोगों को प्रेरणा देती रहेगी। श्री सिंह ने बताया की तबीयत ढीली होने के कारण परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह कार्यक्रम में नहीं आ पाये। पर्यटन मंत्री ने रोडवेज बस स्टेशन पर मूर्ति लगाई जाने की एनओसी देने के लिए मंत्री दयाशंकर सिंह को धन्यवाद दिया। पर्यटन मंत्री ने महाराणा प्रताप अमर रहे के नारे लगवाए और महाराणा प्रताप की मूर्ति लगने के सम्मान में लोगों से मोबाइल की लाइट जलाने को कहा।

सांसद मुकेश राजपूत ने अनुरोध पर मूर्ति लगाई जाने की मंजूरी एवं अनावरण करने के लिए पर्यटन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने मुगलिया सल्तनत से लम्बा संघर्ष किया, जंगल में घास की रोटी खाई लेकिन कभी भी सम्मान से समझौता नहीं किया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि पर्यटन मंत्री की छवि बढ़ती जा रही है पुरानी घटिया घाट के सौंदर्यीकरण उन्ही की देन है। महाराणा प्रताप को स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी मान सम्मान के लिए झुकना स्वीकार नहीं किया।

श्री द्विवेदी ने पर्यटन मंत्री से गंगा प्रोजेक्ट का निर्माण कराने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान मंच पर विधायक सुशील शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डा सुरभि, विधायक मानवेंद्र सिंह रानू, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वत्सल अग्रवाल, भाजपा नेत्री मिथिलेश अग्रवाल, राघवेंद्र सिंह उर्फ राजू, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर ने किया।

error: Content is protected !!