फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 मई। राजेपुर थाना क्षेत्र में नशेड़ी युवक ब्रजेश राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के दौरान किए गए पथराव में एसओ व चौकी इंचार्ज को चुटैल हो गये। थाना क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा निवासी बालक राम राजपूत के 22 वर्षीय नशेड़ी पुत्र बृजेश की पीटी रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि अविवाहित बृजेश शराब पीने का आदी था बीती रात भर नशे में घर से करीब 200 मीटर दूर पुलिया पर बैठा था। इस दौरान बृजेश पुलिया के नीचे नाले में जा गिरा पानी में सिर होने के कारण उसकी मौत हो गई। बृजेश को आज सुबह करीब 8.30 बजे मृत देखा गया। गांव के अराजक तत्वों ने बालक राम के परिजनों को गुमराह कर दिया कि बृजेश को शराब ठेके के सेल्समैन ने मार डाला है बृजेश का बीती रात सेल्समैन से विवाद बताया गया। 
सूचना मिलने पर आज ही थाने में थानाध्यक्ष पद पर आमद कराने वाले उप निरीक्षक नागेंद्र सिंह फोर्स के साथ शव का पंचनामा भरने पहुंचे। परिजनों ने बृजेश की हत्या का आरोप लगाकर पंचनामा भरे जाने का विरोध किया। पुलिस सुबह करीब 10 से 1 तक परिजनों को समझाती रही कि शव का पोस्टमार्टम होने पर जो नतीजा निकलेगा उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलने पर एएसपी, सीओ, थाना मऊदरवाजा, कादरी गेट अमृतपुर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को लोडर में रखने का प्रयास किया इस दौरान परिवार की महिलाओं ने सब उठाने का विरोध किया और ग्रामीणों ने पुलिस पर अचानक पथराव कर दिया। पथराव के दौरान थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह एवं रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाहा पत्थर लगने से चुटैल हो गये, जिन्होंने लोहिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। 
गुस्साए ग्रामीणों ने कादरी गेट थाने के वाहन को नाले में पलट कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस वाहन को ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकलवाया गया। जान बचाने के लिए पुलिस ने हमलावरों पर लाठी चार्ज कर दिया और शव को कब्जे में ले लिया। शव को मोर्चरी ले जाकर वहां पंचनामा भरा गया। इसी दौरान पुलिस ने बालक राम राजपूत सहित करीब आधा दर्जन हमलावरों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए हमलावरों को पुलिस लाइन ले जाया गया। पुलिस ने बालक राम को गांव के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश राजपूत को सौप दिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल आशीष यादव की ब्रिजा कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। लेखपाल को मृत बृजेश को मुआवजा दिलवाने के लिए बुलाया गया था। पोस्टमार्टम हाउस पर बवाल होने की आशंका में कोतवाली फतेहगढ़, फर्रुखाबाद एवं थाना कमालगंज की पुलिस को तैनात किया गया। 
आगजनी की आशंका में अस्पताल के बाहर फायर ब्रिगेड को खड़ा किया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि आज सुबह 8 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि 25 वर्षीय युवक ब्रजेश की डेथ वाडी नाले में पड़ी है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया।

इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया पुलिस ने उचित कार्रवाई कर शांति व्यवस्था को कायम किया। शव को पंचनामा व पीएम के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि पूरे घटना क्रम के दौरान सूबे के पर्यटन एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह जिले में ही मौजूद थे।



