फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 मई। स्वामी विवेकानंद कॉलेज आफ नर्सिंग सरैया में आज नर्सेस दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ स्वामी विवेकानन्द, भारत माता एवं फ्लोरेंस नाइटेगंल की पूजा अर्चना कर की गयी। पूजन पश्चात् गणेश वंदना की गई। नर्सेज दिवस पर पोस्टर मैकिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी छात्र छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मैडल, ट्राॅफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा फ्लोरेंस नाइटेंगल के जीवन परिचय पर प्रस्तुति दी गयी, साथ ही कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। 
कार्यक्रम में संस्था चेयरमैन अनुराग दुबे ने सभी छात्र छात्राओं को नर्सेस दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और सेवा के संकल्प के साथ मनाया जाता है आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटेंगल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी स्टाफ को भी नर्सेज दिवस की बधाई प्रेषित की। संस्था के डायरेक्टर डाॅ सचिन दुबे ने सभी छात्र छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा के आदर्शों पर चलते हुए हमारा संस्थान ऐसे नर्से तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है जो न केवल तकनीकी रूप से सक्षम हों, बल्कि जिनमें करुणा और सेवा भाव भी कूट-कूट कर भरा हो। कार्यक्रम में प्राचार्य एवं समस्त टीचिंग व नान टीचिंग स्टाफ सहित सभी विद्यार्थी गण उपस्थित रहे।



