गेहूं भीगने के मामले में मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर गिरी गाज: डीएम का कहर

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 मई। बरसात के दौरान सरकारी खरीद का गेहूं भीग जाने के मामले में मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर गाज गिरी है। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में जनपद में संचालित गेहूँ खरीद कार्य की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में गेहूँ क्रय की प्रगति, उठान की स्थिति तथा क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने अवगत कराया गया कि जनपद में अब तक कुल 5502 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जबकि इसके सापेक्ष 1485 मीट्रिक टन गेहूँ का उठान किया गया है।

जिलाधिकारी ने खरीद के सापेक्ष गेहूँ उठान की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि कम उठान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में कायमगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूँ भीगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कायमगंज के मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गेहूँ की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गेहूँ भीगने अथवा क्षति होने की स्थिति में संबंधित क्रय एजेंसी एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर गेहूँ के सुरक्षित भंडारण, समयबद्ध उठान एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु गेहूँ खरीद व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!