फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़)13 मई। फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। आज नगर के पल्ला से बजरिया जाने वाली सड़क पर पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक बनी सड़क पर टेंडर करके नगर पालिका के ठेकेदार ने निर्माण कार्य प्रारंभ कराया। लोगों के विरोध के कारण जब काम बंद कराया गया तो ठेकेदार ने फिर से काम को शुरू कर दिया। उस क्षेत्र वासियों ने फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा को मौके पर बुलाया, भईयन मिश्रा अपने कई समर्थकों के साथ में मौके पर पहुंचे। वहां लोगों ने बताया कि पूरी सड़क बिल्कुल सही है कुछ जगह नाली गड़बड़ है उसको सही कराने के लिए कहा गया था।
आज ठेकेदार के द्वारा बनी बनाई सड़क को उखाड़ कर नई सड़क बनाये जाने के लिए कार्य प्रारंभ कराया। मौके पर पहुंचे फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर रह गई है बनी बनाई सड़कों पर फिर से काम किया जा रहा है। जब कि सारे शहर में बहुत से ऐसी गालियां और सड़के हैं जहां पर कार्य की आवश्यकता है वहां पर कार्य नहीं कराया जा रहा है। वह कार्य हो रहे है जिसमें नाम मात्र का काम हो और बिना काम के लाखों रुपया निकला जाये। श्री मिश्रा ने मीडिया को बताया कि पालिका अध्यक्ष के पति जो पूर्व में नगर पालिका के अध्यक्ष थे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में कहा था कि मेरे द्वारा जो सड़कें बनाई जाएगी वह 50 वर्षों तक बनवाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जब कि इन्हीं के कार्यकाल की बनी हुई सड़के कई बार बनाई जा चुकी है। घटिया ब्रिक को क्यों लगाया जा रहा है सीमेंटेड सड़के क्यों नहीं बनाई जा रही। जबकि गलियों में सीमेंट सड़कों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द इस प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। शासन स्तर पर यह बताया जाएगा कि किस प्रकार से नगर पालिका सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि अपने स्तर से टीम गठित करके नगर पालिका के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया जाए जो सड़के बन चुकी हैं और अच्छी थी उनको दोबारा बनाने की क्या आवश्यकता थी। मौके पर निशित दुबे उर्फ नीशू पूर्व सभासद , आलोक मिश्रा भूरे, अंगद पांडे उर्फ कोमल पांडे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, विशाल कश्यप, नितिन भाटिया, आशू, राजीव वर्मा सहित कई लोगों उपस्थित रहे।



