फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 13 मई। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कन्हऊ पट्टिया में आज 32 वर्षीय सुरजीत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में फांसी के फंदे पर लटका देखें जाने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पीआरबी, थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव के स्वर्गीय जवाहरलाल के पुत्र सुरजीत की रिश्तेदारी में मंगलवार को आई बारात की विदाई के दौरान विवाद हो गया। जनपद मैनपुरी भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगला लाहुक से दिनेश राजपूत की पुत्री प्रिया उर्फ सपना की बारात गांव आई थी। बुधवार सुबह विदाई के बाद लोडर से दहेज का सामान भेजा जा रहा था।
इसी दौरान रिश्तेदारों द्वारा रंग लगाने का प्रचार किया गया। तभी सुरजीत ने घर में रखा जला मोबिल ऑयल बारातियों की ओर फेंक दिया, कुछ तेल सामान व लोगों पर गिर जाने पर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने घर में घुसकर सुरजीत के साथ मारपीट की। परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता एवं मारपीट की गई। घर का गेट बाहर से बंद कर दिया गया। मामले की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के साथ भी अभद्रता की गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस के द्वारा गेट खुलवाए जाने पर सुरजीत का शव कमरे में छत के कुंडे से अंगोछे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा बताया गया है। वह अपने पीछे पत्नी नारायणी देवी, 6 वर्षी पुत्र लव, 4 वर्षीय कुश तथा 2 वर्षीय पुत्री अनन्या को छोड़ गया है मां रानी देवी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।



