डीएम ने एच0आर0 एवं वाहन निविदा विस्तार प्रस्ताव को निरस्त किया:एमओआईसी का वेतन काटा

फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 15 मई। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की मासिक बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की ए0एन0सी0 जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद की सभी गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध ए0एन0सी0 जांच सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जनपद में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एच0आर0पी0) के कम चिन्हीकरण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी एच0आर0पी0 महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

डीएम ने यह भी जानकारी प्राप्त की कि कितनी एच0आर0पी0 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया है तथा सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का समय से निदान कर उपचार सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड पर डी रैंक प्राप्त होने तथा केवल 40 प्रतिशत भुगतान होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था में त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
हीटवेव की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी पी0एच0सी0 एवं सी0एच0सी0 पर पंखे, कूलर, ए0सी0 एवं वाटर कूलर को क्रियाशील रखने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ओ0आर0एस0 की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि तीन दिवस के भीतर सभी आशा कार्यकर्ताओं की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आई0डी0 बनवाना सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 18,639 बच्चों का चिन्हीकरण किया गया है। जिलाधिकारी ने 102 एम्बुलेंस सेवा की सी0एम0 डैशबोर्ड पर 55वीं रैंक आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एम्बुलेंस सेवा का रिस्पॉन्स टाइम कम करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत एच0आर0 निविदा एवं वाहन निविदा के समय विस्तार संबंधी प्रस्ताव को जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया तथा निर्देश दिए गए कि नई निविदाएं पुनः आमंत्रित की जाएं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को स्थगित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उसी के आधार पर नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि की कार्यवाही की जाए। वहीं रीजेंट क्रय संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। आर0आई0 कार्यक्रम में खराब प्रगति पाए जाने पर एम0ओ0आई0सी0 कायमगंज को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एम0ओ0आई0सी0 नौलखा का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण संबंधी डाटा समय से अपलोड करने, सभी नवजात बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा 0 से 9 माह तक के बच्चों का डाटा अपलोड करने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!