फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 19 मई। भाजपा समर्थक नेताओं का कृषकों के साथ दिखावा करने वाली भाजपा सरकार पर ही गुस्सा फूट गया है। आज सुबह आलू मंडी सातनपुर में सरकारी आलू खरीद केंद्र पर किसानों का आलू नहीं खरीदने का विरोध प्रदर्शन किसान नेता अशोक कटियार के नेतृत्व में किया गया। एशिया प्रसिद्ध सातनपुर आलू मंडी में 28 अप्रैल को सरकारी खरीद केंद्र का शुभारंभ हुआ था। जिसकी अवधि मात्र 20 दिन रही, 18 मई को आलू खरीद केंद्र बन्द कर दिया गया। इन 20 दिनों में किसानों का एक किलो आलू भी नहीं खरीदा गया। आलू नहीं खरीदने से गुस्साए किसानों ने विरोध में प्रदर्शन किया।
जिसकी अगुवाई कर रहे अशोक कटियार ने कहा आलू की घोर मंदी से बदहाल किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित 650 रुपए कुंतल भाव में आलू की खरीद होने की आशा जगी थी। लेकिन सरकारी खरीद केंद्र पर किसानों का आलू न खरीदकर क्रूर मजाक किया गया, जिसकी घोर निन्दा करता हूं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जनपद में शीघ्र ही आलू पर आधारित उद्योग की स्थापना की जाए, सरकार द्वारा पोलैंड, चीन,रूस आदि में अपने प्रतिनिधि मंडल भेजकर वहां से तकनीक मंगाकर आलू से बोदका, स्टार्च, शराब व कार्बोहाइड्रेट वाली व कैंसर रोधी दवाएं आदि बनाने हेतु उद्योग लगवाए जाएं, आलू को राशन की दूकानों पर वितरण करवाया जाए तथा पड़ोसी देशों में निर्यात करवाया जाए। इसके साथ ही सरकार ने दिल्ली हरियाणा तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में कहीं 200 यूनिट, कहीं 300 यूनिट फ्री बिजली देने की बात की है फिर उत्तर प्रदेश को क्यों अछूता किया गया है यहां उत्तर प्रदेश में भी 300 यूनिट बिजली उपभोक्ताओं को फ्री दी जाए।
श्री कटियार ने कहा कि आलू किसानों को न्याय मिलने तक सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रहेगा। यदि समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान सत्याग्रह करने पर विवश होंगे। यह भी निर्णय लिया गया है कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलेगा।प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप आकाश कटियार, राजवीर कठेरिया, विजय आचार्य, राजीव यादव लालू, परशुराम वर्मा, रामलड़ैते राजपूत, आढ़ती एसोशिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू, अरविन्द राजपूत, मुन्ना सिंह, श्रीचंद मिश्रा, योगेन्द्र सिंह राठौर, आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, हरिश्चंद्र राजपूत, रक्षपाल सिंह, सुभाष चन्द्र आदि रहे।
