आंगनबाड़ी बच्चों का अवकाश घोषित: कार्यकत्री व सहायिकाओं के बाहर जाने पर रोक

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 22 मई। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने आंगनवाड़ी के बच्चों का अवकाश घोषित कर कार्यकत्री व सहायिकाओं के ग्राम पंचायत से बाहर जाने पर रोक लगा दी है। जारी किए गए आदेश में कहा गया कि जनपद के समस्त प्राथमिक/ उच्च प्राथमिक विद्यालय 20-05-2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण बन्द हो गये हैं। वर्तमान में अत्यधिक गर्मी, तेज धूप एवं लू के प्रकोप के दृष्टिगत दिनॉक 20 मई से प्राथमिक विद्यालय बन्द रहने तक ऑगनबाडी केन्द्र पर शालापूर्व शिक्षा ग्रहण करने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों का अवकाश घोषित किया जाता है। ऑगनबाडी केन्द्रों पर अवकाश अवधि में ऑगनबाडी कार्यकत्री एवं सहायिका द्वारा शालापूर्व शिक्षा के अतिरिक्त अन्य सभी शासकीय कार्य जैसे गृह भ्रमण, टीकाकरण, अनुपूरक पोषाहार वितरण, वजन मापन, आर०बी०एस०के० सत्र पर बच्चें की उपस्थिति व पोषण ट्रेकर एप पर दैनिक फीडिंग का कार्य यथावत् किया जायेगा।

समस्त ऑगनबाडी कार्यकत्री एवं सहायिकायें प्रतिदिन ऑगनबाडी केन्द्र पर उपस्थित रहकर उपरोक्त कार्यों का सम्पादन सुनिश्चित करेगीं। इस अवकाश की अवधि में समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविका ग्राम पंचायत की समस्त आबादी को ऑगनबाडी कार्यकत्रियों के मध्य निर्धारित करते हुये ग्राम पंचायत के सभी मजरों के समस्त लाभार्थियों का सर्वे कराते हुये ईके वाईसी एवं चेहरा प्रमाणीकरण करते हुये पोषण ट्रेकर एप पर पंजीकरण कराकर इसकी सूचना जिला कार्यकम अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करायेगें। समस्त ऑगनबाडी कार्यकत्री एवं सहायिका को निर्देशित किया जाता है कि वे अपनी तैनाती ग्राम पंचायत में उपस्थित रहकर उपरोक्त गतिविधियों को सम्पादित करने के साथ समस्त अभिलेख अद्यावधिक करने एवं नियमानुसार पोषाहार वितरण का कार्य सुनिश्चित करेंगी।

विशेष परिस्थितियों में ही बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से जिला कार्यकम अधिकारी से लिखित अनुमति/अवकाश लेकर ही ग्राम पंचायत से बाहर जायें। अन्यथा उनको अनुपस्थित मानते हुये उनके विरूद्व यथोचित कार्यवाही की जायेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।

error: Content is protected !!