फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 मई। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज के औचक निरीक्षण के दौरान डॉक्टर को सलाह दी कि वे मरीज के पर्चे पर दवा का डोज एवं सेवन की अवधि जरुर लिखे। जिस डॉक्टर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर रजिस्ट्रेशन रजिस्टर का अवलोकन किया। जिसमें आज कुल 200 मरीजों के पर्चे बनाए जाना पाया गया।
डीएम ने निर्देशित किया कि रजिस्ट्रेशन के समय प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रखा जा सके। आयुष ओपीडी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध दवाओं की सूची चस्पा कराने के निर्देश दिए। अस्पताल की बेडशीट एवं बाथरूम गंदे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल बेहतर सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में डस्टबिन कलर कोडिंग के अनुसार नहीं पाए गए तथा गंदगी की स्थिति भी पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण हेतु निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को दिए जाने वाले दवा पर्चे पर दवाओं का डोज एवं सेवन की अवधि स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। साथ ही ड्रग हाउस में उपलब्ध सभी दवाओं की सूची प्रत्येक चिकित्सक कक्ष में प्रदर्शित करने तथा उपलब्ध दवाओं का संपूर्ण डाटा कम्प्यूटर में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रंजन गौतम सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
