फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 31 मई। भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में 31 मई से 2 जून तक मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन परिस्थितियों के कारण कमजोर एवं अस्थायी संरचनाओं, कच्चे मकानों तथा फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। दृश्यता में कमी आने, विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने तथा यातायात बाधित होने की भी आशंका है। आमजन को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आंधी-तूफान एवं वज्रपात के दौरान क्या करें।
घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें तथा खिड़की-दरवाजे बंद रखें।
बिजली एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग कर दें।
सुरक्षित पक्के भवन में आश्रय लें तथा कंक्रीट के फर्श पर सीधे न लेटें।
वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा दृश्यता कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें।
तालाब, नदी, नहर अथवा अन्य जलस्रोतों से तुरंत दूर हो जाएं।
किसान भाई अपनी फसल एवं खलिहान में रखी कृषि उपज को ढककर सुरक्षित स्थान पर रखें।
क्या न करें
पेड़ों के नीचे आश्रय न लें तथा बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहें।
कंक्रीट की दीवारों से सटकर खड़े न हों।
खुले मैदान, ऊंचे स्थानों एवं बिजली के खंभों के आसपास न जाएं।
खुले स्थान पर धातु की वस्तुओं, छाते एवं मोबाइल फोन का प्रयोग करने से बचें।
टूटे अथवा क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को न छुएं।
अत्यावश्यक न होने पर यात्रा करने से बचें।
किसानों के लिए कृषि परामर्श
गन्ना एवं मक्का
फसलों को सहारा प्रदान करें।
खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें।
अनावश्यक सिंचाई से बचें।
उर्द, मूंग एवं सब्जियां
फूल एवं फल गिरने की संभावना को देखते हुए सिंचाई रोक दें।
खेतों में जलभराव न होने दें।
ओलावृष्टि अथवा अत्यधिक नमी की स्थिति में कृषि विशेषज्ञों की सलाह अनुसार फफूंदनाशक का छिड़काव करें।
आम की फसल
फलों के गिरने से बचाव हेतु आवश्यक सहारा उपलब्ध कराएं।
क्षतिग्रस्त एवं गिरे हुए फलों को समय से हटा दें।
जिला प्रशासन द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करें। मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी प्राप्त करने हेतु नागरिक Mausam, Meghdoot एवं Damini मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।
