फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 30 मई। व्यापारियों के साथ बैठक के दौरान डीएम ने फरमान जारी किया कि नगर में गोवंशों को पड़कर अतिक्रमण को हटाया जाए। डीएम डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई । बैठक में जनपद के व्यापारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा गौवंश की समस्या के समाधान हेतु प्रतिदिन अभियान चलाकर गौवंशों को पकड़ने एवं उन्हें सुरक्षित गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी तथा व्यापारियों एवं आमजन को राहत मिलेगी। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या भी उठाई गई। जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जाए।
ठेली एवं रेहड़ी संचालकों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उनके लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन किया जाए, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो तथा यातायात एवं बाजार व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे। व्यापारियों ने सेंट्रल जेल के पास फुटपाथ पर लगी दुकानों के कारण उत्पन्न हो रही असुविधा का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दुकानों को व्यवस्थित रूप से पीछे स्थानांतरित कर फुटपाथ को आमजन के उपयोग हेतु मुक्त कराने के निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों द्वारा बस स्टेशन परिसर में लगाए गए वृक्षों के क्षतिग्रस्त होने का विषय भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। लाल सराय स्थित बेडिंग जोन में पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु डीएम ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग की बेहतर व्यवस्था से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संबंधित विभागों के अधिकारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
