फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 जून। कादरीगेट थाना पुलिस ने तीन युवकों को लूट गए मोबाइल फोन व तमंचा सहित गिरफ्तार किया है। बीते दिन थाना मऊदरवाजा के ग्राम कुइयांबूट बाईपास रोड निवासी उदय भान सिंह के पुत्र पवन कुमार का दिनदहाड़े आई फोन लूटा गया था। पवन एप्पल आईफोन 15 को लेकर देवरामपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट से गुजर रहे थे। तभी बाइक सवार लुटेरे मोबाइल फोन को छीनकर भाग गए थे। पवन ने मोबाइल लूट का मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना कादरी गेट पुलिस ने मीडिया को बताया कि वाहन चैकिंग के दौरान थाना पुलिस व सर्विलांस टीम द्वारा 3 बाल आपचारियों को पकड़ा गया। जिनके कब्जे से 1 मोबाइल – एप्पल आईफोन 15 व एक मोबाइल रियल मी तथा 315 बोर देशी तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के सम्बन्ध में पूंछताछ पर बाल अपचारियों ने पुलिस को बताया कि रियल मी मोबाइल 20 मई को नेकपुर पुल फतेहगढ़ से एक चलते हुए राहगीर से छीना था। युवकों ने पुलिस को बताया कि हम लोग दोस्त हैं राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनकर भाग जाते हैं फोन बेच का रुपए आपस में बांट लेते हैं। लुटेरों के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उनके नाम उजागर नहीं किये।
