महिला ने बेटे के सहयोग से पीट- पीट कर मार डाला पति को

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 5 जून। पीड़ित महिला ने बेटे के सहयोग से नशेड़ी पति राम कुमार शाक्य को पीट-पीट कर मार डाला। यह सनसनी खेज वारदात थाना नवाबगंज के ग्राम बघौना में बीती रात को हुई है। रामकुमार की शराब पीने की लत के कारण उसकी पत्नी अनुपम व बेटे अनुराग बहुत नाराज थे। जिन्होंने बीती रात नशे में रामकुमार की डंडों से जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। रामकुमार के छोटे भाई आकाश की सूचना पर 100 नंबर व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना पंचनामा भर शव को पीएम हाउस भिजवा दिया। जमकर पिटाई के कारण रामकुमार का शरीर कमर से लेकर घुटनों तक नीला पड़ गया था उसके दोनों पैर टूटे बताए गए।

रामकुमार का वर्ष 2008 में जनपद एटा थाना राजा का रामपुर के ग्राम गढ़िया हरवे निवासी श्रीकृष्ण की पुत्री अनुपम से विवाह हुआ था। अनुपम के का 16 वर्षीय पुत्र अनुराग एवं 13 वर्षीय पुत्र भोला है। बताया गया कि रामकुमार ने बीते दिन 20 हजार में भैंस बेची थी वह एक हजार रुपए लेकर घर से चला गया और नशे में वापस 2 बजे घर पहुंचा। घरवालों पर पथराव एवं गाली गलौज कर रामकुमार एक हजार लेकर ट्रैक्टर से चला गया। उसने ट्रैक्टर को गांव के बाहर शराब ठेके पर खड़ा किया और जमकर शराब की दावत उड़ाई। गांव के युवक ने नशे में धुत रामकुमार को ट्रैक्टर पर बिठाकर रात करीब 8 बजे घर पहुंचाया। रामकुमार के द्वारा जायदाद को बर्बाद करने के कारण उसकी पत्नी का धैर्य टूट गया।

अनुपम ने पति को डंडे से पीटना शुरू कर दिया यह देखकर अनुराग ने भी पिता की जमकर पिटाई की। इस दौरान भोला पिता को बचाता रहा लेकिन पिता को बचाने में असफल रहा। पड़ोसियों ने बताया कि रामकुमार इतने शराब के नशे में था कि जब उसकी पिटाई की गई तो उसके मुंह से कोई आवाज तक नहीं निकली। बताया गया कि रामकुमार ने करीब 5 वर्ष पूर्व ढाई बीघा जमीन बेच दी थी उसने शराब पीने के कारण थ्रेसर, मूंगफली की मशीन, हाइड्रो व रोटावेटर को भी बेच दिया था। घटना के बाद रामकुमार की पत्नी व बेटा अनुराग घर में ही मौजूद रहे। बताया गया है कि श्रीकृष्ण ने भाई रामकुमार की हत्या के मामले में हमलावरों के विरुद्ध तहरीर दी है। हादसे की जानकारी मिलने पर प्रधान हरवेन्द्र शाक्य उर्फ लहौरे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।

error: Content is protected !!