फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 जून। जिला पूर्ति अधिकारी ने राशन की कालाबाजारी करने के आरोप में हुसैनपुर नौखंडा के कोटेदार का अनुबंध पत्र निरस्त कर मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने मीडिया को अवगत कराया है कि विकासखण्ड कमालगंज की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखण्डा के उचित दर विक्रेता श्रीमती माया देवी के विरूद्ध आई०जी०आर०एस० पोर्टल के माध्यमों से प्राप्त शिकायत की जांच पूर्ति निरीक्षक कमालगंज के द्वारा मौके पर जाकर की गयी। विक्रेता श्रीमती माया देवी द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के द्वारा अनुदानित खाद्यान्न गेहूँ 105.922 कुंतल, चावल 157.038 कु०, बाजरा 103.79 कु० एवं चीनी 63 किलो० आदि की नफा नाजायज कमाये जाने के उद्देश्य से कालाबाजारी, डायवर्जन कर लिये जाने एवं 1.50 कु० मक्का (अखाद्य) स्टॉक में अधिक पाया गया।
जिलाधिकारी के अनुमोदन आदेश के अनुपालन में विकासखण्ड कमालगंज की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखण्डा के उचित दर विक्रेता श्रीमती माया देवी की उचित दर दुकान का अनुबंध पत्र निरस्त करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अन्तर्गत थाना कोतवाली फतेहगढ़ में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। उन्होंने समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि राशन कार्डधारकों को नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं का वितरण करना सुनिश्चित करें। यदि किसी उचित दर विक्रेता के विरूद्ध खाद्यान्न वितरण के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। श्री यादव ने बताया कि खाद्यान्न वितरण के लिए ग्राम सभा नौखंडा हुसैनपुर के कार्ड धारकों को श्रीमती कुंती देवी ग्राम पंचायत नगला खेमरेगाई कोटेदार से संबद्ध किया गया है।
