देखिए- प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने क्या किया और क्या बोले

फर्रुखाबाद 14 जून। (एफबीडी न्यूज़) प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठ हुई। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र एवं अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा कृषक को 60 हजार रुपये की अनुदानित धनराशि से रोटावेटर, एक कृषक को सरकार द्वारा 5 लाख रुपये के अनुदान सहित किसान ड्रोन तथा एक अन्य कृषक को 75 हजार रुपये के अनुदान से स्ट्रॉ रीपर उपलब्ध कराया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड के रूप में कुल 13.15 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विकास खंड शमशाबाद की ग्राम पंचायत रम्पुरा निवासी लाभार्थी श्रीदेवी पत्नी तीसराम को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड योजना के लाभार्थी मुकेश कुमार को चेक प्रदान किया गया। श्रम विभाग की कन्या विवाह योजना के एक तथा शिशु हित लाभ योजना के तीन लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 2 लाभार्थियों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। राजस्व विभाग की मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए तथा पांच लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाली योजनाओं का परीक्षण किया। जननी सुरक्षा योजना की निम्न रैंकिंग पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए नव तैनात मुख्य चिकित्साधिकारी को आगामी माह में स्थिति में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाया जाए। विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संकिसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवाल निर्माण एवं एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति की मांग उठाई, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने आवास विकास क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़कों की खुदाई के बाद रेस्टोरेशन कार्य लंबित होने की शिकायत की। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 20 दिनों बाद स्वयं विधायक से संपर्क कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर कार्यदायी संस्थाओं द्वारा ग्राम प्रधानों से रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण हुए बिना ही कंप्लीशन सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर करा लिए जाते हैं। उन्होंने डीएम को निर्देश दिए कि टीम गठित कर स्थलीय जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि रेस्टोरेशन कार्य वास्तव में पूर्ण हुआ है। सड़क, निर्माण एवं आधारभूत परियोजनाओं पर विशेष जोर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जनपद में निर्माणाधीन नई सड़कों की सूची जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने तथा सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जन प्रतिनिधियों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी की जांच में पाई गई कमियों को 30 जून तक दूर करने का आश्वासन परियोजना प्रबंधक द्वारा दिया गया। जिस पर प्रभारी मंत्री ने 30 जून के बाद जिलाधिकारी को टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।

बेवर से इटावा मार्ग पर मझोला नहर के निकट दो किलोमीटर अधूरे मार्ग को एक माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैंकों के निष्क्रिय खातों की होगी केवाईसी
प्रभारी मंत्री ने प्रभारी एलडीएम को निर्देशित किया कि नए एलडीएम की नियुक्ति तक वे स्वयं समीक्षा बैठकों में उपस्थित रहें। उन्होंने विगत दस वर्षों से निष्क्रिय बैंक खातों में जमा धनराशि लाभार्थियों तक पहुंचाने हेतु सूची उपलब्ध कराने तथा बीडीओ, तहसीलदार एवं ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की सहायता से संबंधित व्यक्तियों की केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।
विद्युत, पर्यटन एवं स्वास्थ्य परियोजनाओं की समीक्षा विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर नई कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

पांचाल घाट द्वितीय चरण परियोजना का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 1 जुलाई से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
लोहिया चिकित्सालय में निर्मित ट्रॉमा सेंटर को अगले सप्ताह तक सभी आवश्यक एनओसी प्राप्त कर स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सकों एवं स्टाफ की मांग शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। स्थायी नियुक्ति होने तक स्थानीय स्टाफ से संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, औचक निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। नलकूप विभाग द्वारा स्थापित किए जा रहे नलकूपों की बोरिंग की गहराई की जांच कराने को भी कहा गया। पर्यटन विभाग की योजनाओं के हस्तांतरण के बाद उनके समुचित रखरखाव की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिलाधिकारी को दिए गए। कायमगंज विधायक की शिकायत पर गठवाया में निर्माणाधीन कस्तूरबा विद्यालय की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मंडी परिषद, गन्ना विभाग, जिला पंचायत एवं अन्य विभागों की क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची तैयार कर जन प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग को भेजने के निर्देश दिए। विधानसभावार विकास कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधान सभावार विकास कार्यों की अद्यतन सूची तैयार कर संबंधित जन प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!