फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 15 जून। बच्चों को संस्कारवान बनाने तथा उनके भीतर धर्म, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से आर्य समाज कमालगंज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ आज आर्य समाज मंदिर कमालगंज में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के प्रथम दिवस बच्चों का परिचय कराया गया तथा उन्हें शिविर की दिनचर्या, अनुशासन एवं उद्देश्यों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल योग, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान से हुआ। इसके पश्चात गुरुकुल के आचार्यों द्वारा संध्या एवं यज्ञ सम्पन्न कराते हुए उनके महत्व एवं लाभों की जानकारी दी गई तथा ईश्वर, धर्म और भारतीय संस्कृति से संबंधित विषयों को सरल एवं प्रेरणादायक शैली में समझाया गया।
शिविर के संचालक आचार्य संदीप आर्य ने विद्यार्थियों को शिविर हेतु आवश्यक सामग्री वितरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल शैक्षिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा की भी अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था में प्राप्त संस्कार ही व्यक्ति के संपूर्ण जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं। यदि बच्चों को प्रारम्भ से ही सत्य, अनुशासन, सेवा, सदाचार एवं राष्ट्रप्रेम के संस्कार प्रदान किए जाएं तो वे भविष्य में आदर्श नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। आचार्य ने बच्चों को माता-पिता, गुरुजनों एवं बड़ों के प्रति सम्मान का भाव रखने, समय का सदुपयोग करने, नशे एवं बुरी संगति से दूर रहने तथा मोबाइल एवं सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपराएं मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं और इन्हीं मूल्यों को बालकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस संस्कार शिविर का आयोजन किया गया है।
साहिल कुमार ने बच्चों को फास्ट फूड के दुष्प्रभावों से परिचित कराते हुए सात्विक एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की प्रेरणा दी तथा जीवन में छल, कपट, चोरी एवं अन्य बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। आचार्य रामप्रकाश आर्य ने वैदिक ग्रंथों के स्वाध्याय एवं महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आचार्य कमलेश जी ने योग एवं ध्यान का प्रशिक्षण दिया, जबकि नेहा आर्या एवं सरस्वती आर्या ने यज्ञ एवं भजन-संगीत का अभ्यास कराया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में सहभागिता कर संस्कारमय वातावरण का आनंद लिया।
कार्यक्रम में अमित आर्य, वीरेंद्र सिंह, सत्यभान, नीतीश राठौर, उर्मिला देवी, उन्नति आर्य, शिवम, आराध्या, समर्थ सहित अनेक गणमान्यजन एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से बच्चों में नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का विकास किया जाएगा।
